बिलासपुर। सकरी क्षेत्र के चोरभट्टी में कुछ नाबालिग रात में भूत बनकर राहगीरों को डराते थे। उनका ही एक साथी इसका वीडियो बनाता था। बच्चों की हरकत से कई लोग डर जाते थे। गांव के लोगों ने बच्चों को पकड़कर इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने उनके स्वजन व गांव के लोगों की मौजूदगी में बच्चों को समझाइश दी।
डायल 112 को मिली थी सूचना
सकरी टीआई उमेश साहू ने बताया कि डायल 112 पर सूचना मिली थी कि कुछ लोग कोटा रोड पर भूत बनकर राहगीर को डरा रहे हैं। इस पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची थी। गांव के लोगों ने कुछ नाबालिग को पकड़ रखा था। बच्चों के स्वजन भी मौके पर मौजूद थे।
वीडियो बनाना था मकसद
पूछताछ में पता चला कि गांव के बच्चे लोगों को डराने और वीडियो बनाने के लिए भूत बनकर अचानक सामने आ जा रहे थे। इससे कई लोग डर रहे थे। बच्चे इसका मोबाइल पर वीडियो भी बनवाते थे। पूछताछ में पता चला कि सभी नाबालिग हैं।
थाने में नहीं हुई शिकायत
डायल 112 की टीम ने इसकी शिकायत थाने में करने के लिए कहा। गांव का मामला होने और घटना में बच्चों के शामिल होने के कारण किसी ने इसकी शिकायत थाने में नहीं की। डायल 112 की टीम ने स्वजन और गांव वालों की मौजूदगी में बच्चों को समझाइश दी गई।




