Home » छत्तीसगढ़ » भिलाई के एक परिवार के 4 लोगों की हिमाचलप्रदेश में मौत, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; ह्यूमन-चेन बनाकर निकाले गए शव

भिलाई के एक परिवार के 4 लोगों की हिमाचलप्रदेश में मौत, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; ह्यूमन-चेन बनाकर निकाले गए शव

भिलाई । हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर एक अर्टिगा कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई। जिसमें भिलाई के एक परिवार के 4 लोग शामिल हैं।

भिलाई निवासी दंपती अपने बच्चों के साथ बेंगलुरु में रहते थे, वहीं जॉब कर रहे थे। यह सभी पर्यटक बेंगलुरु से हिमाचल प्रदेश घूमने गए थे और बर्फबारी का आनंद लेने साच पास जा रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, हादसा चंबा जिले के चुराह उपमंडल के कालावन क्षेत्र के पास शुक्रवार रात को हुआ है। दोनों परिवारों ने डलहौजी से एक टैक्सी बुक की थी और साच पास इलाके में बर्फ और प्राकृतिक सौंदर्य देखने के लिए रवाना हुए थे।

देर रात वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। खाई की गहराई अधिक होने के कारण कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार किसी भी व्यक्ति को बचने का मौका नहीं मिला।

जीपीएस लोकेशन से हुआ हादसे का खुलासा

जब टैक्सी देर रात तक डलहौजी वापस नहीं लौटी तो वाहन मालिक को अनहोनी की आशंका हुई। उसने वाहन की जीपीएस लोकेशन जांची, जो कालावन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दे रही थी।

काफी देर तक कोई गतिविधि नहीं मिलने पर स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई। शनिवार दोपहर वाहन के खाई में गिरने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।

दुर्गम क्षेत्र होने से रेस्क्यू में आई दिक्कत

दुर्घटना स्थल बेहद दुर्गम इलाके में होने के कारण राहत और बचाव कार्य प्रभावित हुआ। खड़ी पहाड़ियां, गहरी खाई, पथरीला रास्ता और खराब मौसम के चलते शनिवार को शवों को बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। इसके अलावा क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से बचाव दल और प्रशासन के बीच समन्वय बनाने में भी परेशानी हुई।

ह्यूमन चेन बनाकर निकाले गए शव

रविवार सुबह पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया। खाई की गहराई को देखते हुए लोगों ने ह्यूमन चेन बनाई और रस्सियों की मदद से एक-एक कर शवों को ऊपर सड़क तक पहुंचाया। कई घंटे तक चले अभियान के बाद सभी 8 शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव

सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। प्रशासन मृतकों के परिजनों के संपर्क में है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

भिलाई मूल के परिवार के होने की जानकारी

शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में भिलाई मूल के अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी पिंकी चंद्राकर, उनके बच्चे और परिवार के सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। परिवार लंबे समय से बेंगलुरु में रहकर नौकरी कर रहा था। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी मृतकों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है।

दुर्ग पुलिस को भी दी गई सूचना

हिमाचल पुलिस ने हादसे की जानकारी दुर्ग पुलिस को भी दी है। इसके बाद शनिवार रात दुर्ग पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी। बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ सदस्य हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो चुके हैं।

हादसे के कारणों की जांच जारी

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर ड्राइवर को झपकी आने, सड़क पर फिसलन, तेज रफ्तार या वाहन में तकनीकी खराबी जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram