Home » छत्तीसगढ़ » रायगढ़: सेल्फी ले रही थी लड़कियां, हंसने पर युवती के बाल खींचे, लात मारी, कपड़े उतारने की कोशिश

रायगढ़: सेल्फी ले रही थी लड़कियां, हंसने पर युवती के बाल खींचे, लात मारी, कपड़े उतारने की कोशिश

रायगढ़ । रायगढ़ के मरीन ड्राइव में 2 युवतियों ने मिलकर एक लड़की को पीटा है। 19 वर्षीय पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई जिसके मुताबिक, 2 नाबालिग युवतियां सेल्फी ले रही थी, तभी पीड़िता पर उन्हें देखकर हंसने का आरोप लगाते हुए उन्होंने गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर थप्पड़ जड़े।

वायरल वीडियो में लड़की को बीच सड़क बाल पकड़कर हाथ-मुक्कों से मारते दिखाई दी। बाद में दोनों ने अपने रिश्तेदार को बुलाया और उनके सामने ही लात मारी। पीड़िता के कपड़े उतारने की कोशिश भी की।

किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर गाने के साथ अपलोड कर दिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

ज्वेलरी गोदाम में काम करती है पीड़िता

14 जुलाई को 19 वर्षीय पीड़िता कोतवाली थाने पहुंची और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि वह किराये के मकान में रहकर सोनारपारा स्थित एक ज्वेलरी गोदाम में काम करती है। 30 जून की शाम लगभग 4 बजे वह अपनी सहेली के साथ स्कूटी से थोक बाजार में सामान छोड़कर वापस लौट रही थी।

सेल्फी लेने के दौरान देखकर हंसने का आरोप

तभी मरीन ड्राइव रोड स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास 2 युवतियां फोन पर सेल्फी ले रही थीं। शिकायत के मुताबिक, दोनों युवतियों ने पीड़िता पर रास्ता रोकने और सेल्फी लेते समय उन्हें देखकर हंसने का आरोप लगाया, जिसके बाद दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड

युवतियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से पीटा। विरोध करने पर दोनों युवतियों ने फोन कर अपनी पहचान की महिला नगमा खान उर्फ नूरी (38) को बुलाया। उनके सामने ही पीड़िता के साथ लात-घूसों और मुक्कों से मारपीट की गई। शोर सुनकर पीड़िता की सहेली और राहगीरों ने बीच-बचाव किया। बाद में किसी ने घटनाक्रम का रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

वायरल वीडियो की जांच के बाद मामला दर्ज

वायरल वीडियो के जरिए घटना की जानकारी जब पुलिस को हुई, तो सीनियर एसपी शशि मोहन सिंह ने मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वहीं, पीड़िता ने भी इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो नाबालिग लड़कियों पर कार्रवाई की है। कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिगों पर भी कार्रवाई

पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने, चोट पहुंचाने और धमकी देने के मामले में धारा 296, 115(2), 126(2), 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

नाबालिगों की रिश्तेदार नगमा खान उर्फ नूरी पर FIR दर्ज हुई है। - Dainik Bhaskar
नाबालिगों की रिश्तेदार नगमा खान उर्फ नूरी पर FIR दर्ज हुई है।

मुख्य आरोपी नगमा खान (38), निवासी चांदनी चौक फौजदारपारा, को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई। वहीं, दोनों नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस को तत्काल घटना की सूचना दें

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में कानून हाथ में लेने, सरेआम गुंडागर्दी करने और किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो पुलिस तक तुरंत पहुंचते ही कार्रवाई की जा रही है। आमजन से अपील है कि कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी घटना की तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram