रायपुर । राजधानी रायपुर के शंकर नगर इलाके में स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई करीब 90 लाख रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक आदतन चोर है, जो पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। आरोपियों के फरार साथियों की तलाश पुलिस कर रही है।
लक्ष्य ज्वेलर्स में घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात की है। दो नकाबपोश बदमाश बाइक से दुकान पहुंचे और कटर से ताला काटकर अंदर घुस गए। करीब आधे घंटे तक दुकान के भीतर रहे और सोने के जेवर बैग में भरकर फरार हो गए।
रविवार को दुकान बंद होने के कारण चोरी की जानकारी नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह दुकान खुलते ही वारदात का खुलासा हुआ और इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही नॉर्थ जोन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। दुकान के CCTV फुटेज में दोनों आरोपी आराम से चोरी करते नजर आए। खास बात यह रही कि चोरों ने केवल सोने के जेवरों पर हाथ साफ किया, जबकि चांदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी को नहीं छुआ।
गांधी नगर-काली नगर रोड में रुका डॉग स्क्वॉड
जांच के दौरान फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया। डॉग दुकान से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गांधी नगर-काली नगर रोड तक पहुंचा और वहीं जाकर रुक गया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में दबिश शुरू की। देर रात कालीनगर इलाके से एक पुराने चोर को हिरासत में लिया गया। उसके पास से कुछ सोने के जेवर भी बरामद किए गए हैं।
किराए का मकान लेकर रेकी की आरोपियों ने
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी फिलहाल कालीमाता वार्ड में किराए के मकान में रह रहे थे और मूल रूप से ओडिशा के निवासी हैं। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। आशंका है कि उसके पकड़े जाने पर शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस ने करीब 20 दिन पहले ही दुकान संचालक को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सेंट्रल लॉक सिस्टम लगाने की सलाह दी थी। इसके बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।



