तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। ओमान के तट के पास गुरुवार को भारतीय क्रू वाले जहाज MT जलवीर पर हमला हुआ है। हमले के बाद इस पर आग लग गई है। घटना के बाद भारतीय दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और हालात पर नजर रखे हुए हैं।
इससे पहले होर्मुज स्ट्रेट के पास बुधवार को तेल टैंकर ‘MT सेत्तेबेल्लो’ पर हुए अमेरिकी हमले में 3 भारतीयों की मौत हो गई है। इसकी पुष्टि केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनेवाल ने की। उन्होंने कहा कि अब तक दो के शव बरामद कर लिए गए हैं।
विदेश मंत्रालय ने कल बताया था कि जहाज पर सवार 24 भारतीयों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 3 लापता थे।
इस बीच अमेरिका और ईरान में लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी हमले जारी हैं। ट्रम्प ने बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरान पर 49 टॉमहॉक मिसाइलें दागीं और लड़ाकू विमानों से भी हमले किए।
तीन दिन में भारतीय क्रू वाले 2 जहाजों पर हमला
अमेरिका ने पिछले 3 दिनों में भारतीय क्रू वाले दो तेल टैंकरों पर हमला किया है। पहला हमला 8 जून को एमटी मैरीवेक्स पर हुआ। इस पर 28 नाविक सवार थे जिसमें 24 भारतीय थे। भारतीय तटरक्षक बल और ओमान की एजेंसियों ने सभी को सुरक्षित निकाला।
इसके बाद 10 जून को एमटी सेत्तेबेल्लो पर हमला हुआ। यह पलाऊ के झंडे के तहत चल रहा था। इस पर भी 24 क्रू मेंबर्स थे। इनमें से 3 भारतीयों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। विदेश मंत्रालय ने इस हमले की निंदा की और अमेरिका के दूतावास के समक्ष औपचारिक विरोध दर्ज कराया।




