रायपुर । ग्राम तर्रा (बलौदाबाजार रोड) स्थित निर्माणाधीन अग्र सेवा गौशाला में आज श्री नारायण अग्रवाल (हीरा ग्रुप), रायपुर के सौजन्य से निर्मित आधुनिक गौ आश्रय शेड क्रमांक–3 का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। शेड का लोकार्पण श्री दिनेश अग्रवाल जी के करकमलों द्वारा गौमाता पूजन, आरती एवं गुड़-रोटी सेवा के साथ किया गया।

अग्र सेवा गौशाला में वर्तमान में लगभग 220 निराश्रित, वृद्ध एवं असहाय गौवंशों की सेवा एवं संरक्षण किया जा रहा है। नवनिर्मित शेड के प्रारंभ होने से गौमाताओं के सुरक्षित आश्रय की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। संस्था का लक्ष्य चरणबद्ध रूप से लगभग 500 गौवंशों के लिए आधुनिक एवं सुव्यवस्थित आश्रय उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी रविवार को गौशाला परिसर में “पूज्य बुजुर्गों एवं पूर्वजों के नाम दो वृक्ष” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, गौमाताओं को शुद्ध एवं शीतल वातावरण उपलब्ध कराना तथा पूर्वजों की पावन स्मृतियों को चिरस्थायी बनाना है।

अग्र सेवा सोसायटी के अध्यक्ष श्री कैलाश अग्रवाल ने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सेवा और संवेदना का जीवंत स्वरूप है। उन्होंने समाज के सभी परिवारों से आग्रह किया कि वे अपने या अपने प्रियजनों की स्मृति में तथा जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, पुण्यतिथि अथवा अन्य शुभ अवसरों पर सपरिवार गौशाला आकर गौमाताओं की सेवा करें। साथ ही अपने अपनों की पावन स्मृति में एक गौमाता की एक वर्ष की संपूर्ण सेवा का संकल्प लेकर इस पुण्य अभियान से जुड़ें। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रत्येक सहयोग निराश्रित गौमाताओं के जीवन में सुरक्षा, संरक्षण और सम्मान का आधार बनेगा तथा नई पीढ़ी को सेवा, संस्कार और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का माध्यम भी बनेगा।

अग्र सेवा सोसायटी एवं अग्रसेवा गौशाला संचालन समिति ने श्री नारायण अग्रवाल (हीरा ग्रुप) एवं उनके परिवार के प्रति इस प्रेरणादायी गौसेवा सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि समाज के अन्य सेवाभावी परिवार भी इस पुनीत अभियान से जुड़कर गौसेवा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में अपना योगदान देंगे।




