संभल। मां कैलादेवी धाम से हरिहर मंदिर के लिए महंत ऋषि राज गिरी महाराज के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय हरिहर सेना की पदयात्रा निकली। अनुमति नहीं मिलने के बावजूद संतों और श्रद्धालुओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और पुलिसकर्मियों को धक्का देकर आगे बढ़ने का प्रयास किया।
उत्तर प्रदेश के संभल में 19 नवंबर की तारीख एक बार फिर पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई। हरिहर मंदिर तक पदयात्रा निकालने के ऐलान के बीच कैलादेवी मंदिर पर जुटी भीड़ जब सड़क की ओर बढ़ी तो कुछ ही देर में हालात तनावपूर्ण हो गए। जिस यात्रा को लेकर सुबह से सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे थे, उसे रोकने के दौरान पुलिस और महंत ऋषिराज गिरि के समर्थक आमने-सामने आ गए। समर्थकों ने पुलिस के बैरियर हटाकर फेंक दिए। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। इस अफरातफरी में कई पुलिसकर्मी जमीन पर गिर पड़े।
क्या है पूरा मामला?
दोपहर करीब 12 बजे कैलादेवी मंदिर परिसर में समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। इसके बाद महंत ऋषिराज गिरि समर्थकों के साथ बाहर निकले। वे मुख्य चौराहे की ओर बढ़ गए। वहां पहले से तैनात पुलिस बल ने बैरियर लगाकर रास्ता रोक रखा था। पदयात्रा आगे बढ़ाने की कोशिश हुई तो समर्थकों ने अवरोधक हटाकर फेंक दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। नारेबाजी के बीच मौके पर तनाव बढ़ता चला गया।
विवाद केवल रास्ता रोकने और आगे बढ़ने का नहीं था। इसके पीछे संभल का वह संवेदनशील धार्मिक स्थल विवाद है, जिस पर मुकदमा अदालत में विचाराधीन है। प्रशासन की ओर से महंत और समर्थकों को समझाया गया कि न्यायिक प्रक्रिया के बीच ऐसा कदम शहर की शांति एवं कानून-व्यवस्था के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
एक घंटे चला घटनाक्रम
करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद सीओ कुलदीप सिंह और एसडीएम विकास चंद्र ने हस्तक्षेप किया। बातचीत के बाद पदयात्रा निकालने का फैसला बदल दिया गया। इसके स्थान पर कैलादेवी मंदिर की परिक्रमा की गई। महंत के संबोधन के बाद भीड़ धीरे-धीरे शांत हुई और तनावपूर्ण स्थिति पर विराम लगा।
दरअसल, 19 नवंबर 2024 को शाही जामा मस्जिद और हरिहर मंदिर से जुड़े दावे को लेकर अदालत में वाद दायर हुआ था। 24 नवंबर को सर्वे के दौरान हुई हिंसा के बाद से यह मामला लगातार संवेदनशील बना हुआ है। ऐसे में इस बार भी प्रशासन की चुनौती केवल एक पदयात्रा रोकने की नहीं, बल्कि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की थी।




