सक्ती । जिले के डभरा थाना क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह दुर्घटना डभरा-खरसिया मुख्य सड़क मार्ग पर लक्ष्मणभांठा गांव के पास हुई, जहां बाइक और ईंट से भरे ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, कोटमी गांव निवासी छोटेलाल बरेठ, संजू बरेठ और लीलावती बरेठ एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ईंट लोड ट्रैक्टर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर का असर इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार संजू बरेठ और छोटेलाल बरेठ ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दोनों रिश्ते में मामा-भांजे बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाई गई महिला
दुर्घटना में लीलावती बरेठ गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घायल महिला को शुरुआती इलाज के बाद अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही डभरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रैक्टर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे तेज रफ्तार और लापरवाही को कारण माना जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद कोटमी गांव में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




