रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन स्थित कैबिनेट हॉल में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक शुरू हो गई है। मीटिंग में सरकार कई अहम मुद्दों पर चर्चा कर रही है। सबसे ज्यादा नजर आगामी विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों और नई स्थानांतरण नीति पर टिकी हुई है।
बैठक में 13 जुलाई से प्रस्तावित विधानसभा मानसून सत्र को लेकर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा चालू वित्तीय वर्ष के लिए अनुपूरक बजट, कई संशोधन विधेयकों के प्रारूप और अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी मंत्रिमंडल की मुहर लग सकती है। मानसून सत्र से पहले सरकार अपने विधायी एजेंडे को अंतिम रूप देने की तैयारी में जुटी हुई है।
खाद-बीज की उपलब्धता की होगी समीक्षा
बैठक में प्रदेश में मानसून की सुस्त रफ्तार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठ सकता है। कई जिलों में बारिश सामान्य से कम होने के कारण खरीफ सीजन की बुआई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में धान समेत अन्य फसलों की बोनी, किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता और कृषि विभाग की तैयारियों की समीक्षा किए जाने की संभावना है।
इसके अलावा शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लंबे समय से इंतजार में चल रहे तबादलों को लेकर भी चर्चा हो सकती है। नई स्थानांतरण नीति के प्रस्ताव पर कैबिनेट की मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है तो प्रदेश में बड़े पैमाने पर तबादलों का रास्ता साफ हो सकता है।
कुल मिलाकर विधानसभा सत्र, किसानों की चिंता और प्रशासनिक फेरबदल जैसे मुद्दों के चलते साय सरकार की यह कैबिनेट बैठक काफी अहम मानी जा रही है। बैठक में लिए जाने वाले फैसलों पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों हलकों की नजर रहेगी।



