Home » ईरान युद्ध » होर्मुज में UAE के टैंकरों पर ईरान का हमला, एक भारतीय की मौत; आठ अन्य घायल

होर्मुज में UAE के टैंकरों पर ईरान का हमला, एक भारतीय की मौत; आठ अन्य घायल

तेहरान। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि होर्मुज में यूएई के झंडे वाले दो टैंकरों पर ईरानी क्रूज मिसाइलों से किए गए हमले में चालक दल के एक भारतीय सदस्य की मौत हो गई है। इस हमले में आठ अन्य सदस्य घायल भी हुए हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक आधिकारिक बयान में मंत्रालय ने बताया कि ओमान के जलक्षेत्र में होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी लेन में मोम्बासा और बाहिया नामक टैंकरों को निशाना बनाया गया।

हमले में 1 भारतीय की मौत

मंत्रालय के अनुसार, घायलों में छह भारतीय नागरिक और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। बयान में कहा कि इस हमले के परिणामस्वरूप टैंकर मोम्बासा के चालक दल के एक भारतीय सदस्य की जान चली गई और 8 अन्य लोग घायल हो गए। इनमें 4 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिसमें घायलों में 6 भारतीय नागरिक और 2 यूक्रेनी नागरिक हैं।

अवैध आवाजाही पर दी थी चेतावनी

यूएई की यह घोषणा ईरान के उस दावे के बाद सामने आई है, जिसमें उसने कहा था कि उसके रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे दो जहाजों पर चेतावनी वाली फायरिंग की थी।

ईरान के सरकारी टेलीविजन ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि इस रणनीतिक जलमार्ग से कथित तौर पर अवैध रूप से गुजरने के कारण जहाजों को रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की नौसेना द्वारा दागी गई चेतावनी वाली गोलियों के ज़रिए निशाना बनाया और रोका गया था।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram