छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : पुलिस-नक्सली मुठभेड़, 2 माओवादी ढेर, सर्चिंग पर निकले जवानों पर नक्सलियों ने की फायरिंग, भारी पड़ता देख जंगल की ओर भागे

कांकेर I छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में फिर से पुलिस नक्सली मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि जवान सर्चिंग पर निकले थे। उसी दौरान माओवादियों ने उन पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। इसी फायरिंग का जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया और 2 नक्सलियों को मार गिराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, DRG के जवान सोमवार सुबह 4 बजे के आस-पास कडमे गांव के जंगलों में सर्चिंग पर निकले थे। उस वक्त वहां पर पहले से ही कुछ माओवादी मौजूद थे। जिन्होंने जवानों को देख फायरिंग करना शुरू कर दिया। जवानों ने भी जबरदस्त फायरिंग की। जिसके बाद नक्सली जंगल की ओर भाग निकले।

बताया गया है कि कुछ देर तक दोनों तरफ से फायरिंग चलती रही। फिर जब नक्सली जंगल की ओर भागे, तब इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जिसमें 2 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। मुठभेड़ की पुष्टि SP शलभ सिन्हा ने की है। मौके पर अब भी जवान मौजूद हैं। उनके लौटने पर ही ज्यादा जानकारी सामने आ सकेगी।

महिला माओवादी मारी गई, नक्सलियों ने अब बताया

कांकेर-नारायणपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में हुए पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में घायल महिला नक्सली उंगी मंडावी की इलाज के दौरान मौत हो गई है। 6 दिन पहले ही इसे लेकर नक्सलियों ने पर्चा जारी किया है। 15 अक्टूबर को नारायणपुर DRG के साथ देवगांव हुचडी में नक्सलियों की मुठभेड़ हुई थी। जिसमें महिला नक्सली उंगी मंडावी बुरा तरह घायल हो गई थी।

नक्सली घायल महिला नक्सलियों को अपने साथ ले गए थे, लेकिन अब उन्होंने उसके मारे जाने की खबर पर्चे के जरिए दी है। जानकारी मिल रही है कि महिला नक्सली की मौत मुठभेड़ के 3-4 दिन बाद ही हो गई थी, लेकिन अब नक्सलियों ने पर्चा जारी किया है। पर्चे में नक्सलियों ने कहा कि बहुराष्ट्रीय कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए राज्य सरकार लाखों जनता को विस्थापित कर रावघाट खदान खोल रही है। इसके विरोध में चल रहे आदिवासी अभियान को दबाने के लिए फर्जी मुठभेड़ों के जरिए आम जनता की हत्या की जा रही है।

बस्तर के कांकेर और दूसरे जिलों में लगातार नक्सली जवानों पर पहले भी फायरिंग करते रहे हैं। इसके पहले कांकेर जिले में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया था। जिसमें 3 जवान घायल हो गए थे। नक्सलियों ने यहां 2 अलग-अलग जगह पर IED ब्लास्ट किया था। जिसकी चपेट में SSB के जवान आए थे।