छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : तेंदुए ने किया महिला का शिकार, जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव, संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान से आने की आशंका

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर I मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कुंवारपुर में रविवार को तेंदुए ने एक महिला का शिकार किया है। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। वन अफसरों का अनुमान है कि तेंदुआ संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान से यहां आ पहुंचा है। यह क्षेत्र संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान और गुरुघासीदास राष्ट्रीय उद्यान से लगा हुआ है।

इस इलाके में सालों बाद तेंदुए ने ग्रामीण को शिकार बनाया है। मृतका की पहचान फुलझरिया के रूप में हुई है, जो ग्राम गधौरा की रहने वाली थी। वन विभाग के रेंजर रामसागर गुप्ता के अनुसार ये तितौली के बुधौरा जंगल की घटना है। महिला देर शाम जंगल से गांव लौट रही थी, तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। बाद में गांववाले और उसके परिवार ने उसकी तलाश की, तो जंगल में महिला का क्षत-विक्षत शव मिला।

विभाग ने वन क्षेत्र से लगे गांवों में कर्मचारियों को भेजकर सतर्क रहने सूचना भिजवाई है। वन विभाग ने लोगों से जंगल की ओर जाने से मना किया है। साथ ही गांव में भी अलर्ट रहने को कहा है। तेंदुआ अगर इस इलाके में है, तो वो गांव में आकर मवेशियों का शिकार भी कर सकता है, इसलिए रात में मशाल जलाकर रखने की सलाह भी वन विभाग ने दी है। फिलहाल महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाने की तैयारी की जा रही है।