छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सैलजा आज लेंगी प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक, मिशन 2023 को लेकर होगी चर्चा

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सैलजा 26 दिसंबर को राजीव भवन में बैठक लेंगी। यहां होने वाली बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी, जिला, शहर कांग्रेस के अध्यक्ष एवं मोर्चा, संगठन, प्रकोष्ठ, विभाग के प्रदेश अध्यक्ष शामिल रहेंगे। सभी को पिछले दिनों उनके द्वारा किए गए संगठनात्मक कार्यक्रमों, भारत जोड़ो यात्रा, हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा की तैयारी, बूथ पुनर्गठन का विस्तृत प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से लेकर आने को कहा गया है। इस लिहाज से इस बैठक को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हमारी सरकार ने अधिकार, भाजपा ने दिया भ्रष्टाचार: सैलजा

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को पूरे देश में समर्थन मिल रहा है। इसका उत्साह दिख रहा है। उन्होंने भूपेश बघेल की सरकार की तारीफ की और कहा कि हमारी सरकार ने यहां के मूल निवासियों को पहचान दी। उनका अधिकार दिया। सैलजा ने कहा कि हम सभी मिलकर काम कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि यहां कांग्रेस की सरकार फिर बनेगी। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने केवल भ्रष्टाचार दिया था।

सैलजा प्रभारी बनने के बाद अपने पहले रायपुर प्रवास के दौरान स्वामी विवेकानंद विमानतल पर पत्रकारों से चर्चा कर रही थीं। यहां उनके स्वागत के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित कई कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ताओं पहुंचे थे। सैलजा के स्वागत के लिए वीआइपी रोड पर जगह-जगह मंच बनाए गए थे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशों पर होगी चर्चा

23 दिसंबर को दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद उनके दिशा-निर्देशों का पालन छत्तीसगढ़ में भी हो सकता है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक में कई अहम एजेंडों पर चर्चा होगी। इसमें सभी नियुक्तियों की छह-छह माह में पदाधिकारियों के कार्य का आकलन, जरूरत पड़ने पर उनकी नियुक्ति पर पुनर्विचार, डिजिटल मेंबरशिप, कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी के पत्र को घर-घर तक पहुंचाने की रणनीति आदि पर चर्चा हो सकती है। इस बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी, जिला, शहर कांग्रेस के अध्यक्ष एवं मोर्चा, संगठन, प्रकोष्ठ, विभाग के प्रदेश अध्यक्ष शामिल रहेंगे।

जिला व ब्लाक स्तर पर हो सकता है फेरबदल

सूत्रों की मानें तो प्रदेश अध्यक्ष समेत जिला और विकासखंड स्तर पर पदाधिकारियों के चेहरे बदले जा सकते हैं। प्रदेश में कांग्रेस का 85वां अधिवेशन फरवरी में है। नवा रायपुर में देशभर के 15 हजार पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके पहले प्रदेश में बदलाव हो सकता है। छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी को बदलने के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चा तेज हो गई है।

सैलजा को लेकर भाजपा ने उठाए सवाल

भाजपा रायपुर संभाग प्रभारी व विधायक सौरभ सिंह ने सैलजा के आगमन व उनके स्वागत पर सवाल किया है। उन्होंने कहा कि देखना होगा कि प्रदेश सरकार के संरक्षण में चल रहे भ्रष्टाचार और तानाशाही के विरुद्ध वे अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी या फिर पूर्व कांग्रेस प्रभारी के पदचिन्हों पर चलेंगी। सिंह ने पूछा कांग्रेस की नई प्रभारी कुमारी सैलजा क्या गुटों में बंटी हुई कांग्रेस को जोड़ने के लिए कांग्रेस जोड़ो यात्रा छत्तीसगढ़ से शुरू करेंगी?

वहीं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नलिनेश ठोकने ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की पहली बैठक में दिए गए संदेश पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के नेहरू गांधी परिवार की व्यक्तिगत कसौटियों पर भले ही खरे उतरते रहे हैं लेकिन वे मौजूदा कांग्रेस अध्यक्ष की कसौटी पर रत्ती भर भी खरे नहीं उतर सकते, क्योंकि खरगे ने स्पष्ट रूप से कहा है कि पसंदीदा नियुक्तियां पार्टी को खोखला बनाती हैं।