छत्तीसगढ़

फैंस का एकदम अनोखा प्यार, क्रिस गेल ने याद किया वो किस्सा जब छक्के से तोड़ दी थी लड़की की नाक

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी क्रिस गेल ने आईपीएल से जुड़ी एक याद ताजा की है। क्रिस गेल ने आरसीबी से जुड़े प्रशंसकों को सर्वश्रेष्ठ बताया है। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उनके एक सिक्स ने गलती से एक लड़की प्रशंसक की नाक तोड़ दी थी। इस पर लड़की ने जोर से चिल्लाते हुए कहा था और मारो, सिक्स मारो।

गेल ने जिओ सिनेमा पर ‘होम ऑफ हीरोज’ शो में भारत के पूर्व खिलाड़ी रॉबिन उथप्पा से बात की। इस दौरान उन्होंने आरसीबी के साथ बिताए हुए शानदार पलों को याद किया। वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के प्रशंसकों के लिए अपने अटूट प्यार के बारे में बात करते हुए एक मैच में सिक्स से एक लड़की की नाक टूट जाने की घटना का जिक्र किया।

छक्के से टूट गई थी लड़की की नाक

क्रिस गेल ने कहा, “गेंद दीवार से टकराकर एक युवती की नाक में जा लगी। मैं सीधे अस्पताल गया और उसे खून से लथपथ नाक और खून से सने कपड़ों में देखा। वह बोली, ‘तुम उदास क्यों हो? चिंता मत करो, मारो और छक्के!’ वह कितना अद्भुत था! यह दिल को छू लेने वाला पल था। अगले गेम में, हर प्रशंसक के पास एक प्लेकार्ड था जिस पर लिखा था, ‘कृपया मेरी नाक तोड़ दो’, जिससे मैं अस्पताल में उनसे मिलने जा सकता था।”

चिन्नास्वामी स्टेडियम में घटी थी घटना

बता दें कि 2013 में पुणे वारियर्स के खिलाफ आरसीबी के लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम में 175 रन की धुआंधार पारी खेली थी। उस मैच के दौरान यह घटना घटी थी। गौरतलब हो कि क्रिस गेल 2011 से 2017 तक आरसीबी के लिए खेले। आरसीबी के लिए छह सीजन खेलने वाले क्रिस गेल ने पांच शतकों की मदद से 3,163 रन बनाए।