छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : थर्ड जेंडर भी बने बस्तर फाइटर, जगदलपुर में पासिंग आउट परेड, जवानों को IG ने पहनाया बैज, दिया सर्टीफिकेट

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों से मुकाबले के लिए बस्तर फाइटर तैयार हैं। रविवार को जगदलपुर के लालबाग परेड ग्राउंड में हुई पासिंग आउट परेड में जवानों को IG बस्तर सुंदरराज पी. ने बैज पहनाया और प्रमाणपत्र प्रदान किया। इससे पहले उन्होंने परेड की सलामी ली। इनके साथ ही बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और 5वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सुरक्षा बल नारायणपुर के नव आरक्षक भी परेड में शामिल हुए। खास बात यह है कि बस्तर फाइटर्स में थर्ड जेंडर भी शामिल हैं। पहली बार नौ थर्ड जेंडर का चयन इसमें किया गया है।

बस्तर संभाग में वनांचल और अंदरूनी क्षेत्र की विकास व सुरक्षा के लिए स्थानीय युवक-युवतियों की बस्तर फाइटर्स के तौर पर भर्ती की गई है। इस विशेष बल में 2800 पदों पर बस्तर, दंतेवाड़ा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा और कोण्डागांव के लिए चयन किया गया है। हर जिले के लिए 300-300 पदों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत भर्ती परिणाम 15 अगस्त 2022 को जारी किए गए थे।

बस्तर फाइटर्स में भर्ती हुए नव आरक्षकों को सितंबर 2022 से प्रदेश के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों में बुनियादी प्रशिक्षण प्रारंभ दिया गया। इस दौरान जवानों को कानून एवं प्रक्रिया की जानकारी, अनुशासन, मानव अधिकारों की रक्षा, युद्ध कौशल, फील्ड क्राफ्ट, हथियारों का संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने कहा कि, प्रशिक्षण के बाद बस्तर क्षेत्र में शांति व्यवस्था स्थापित करने, जनता के मंशानुरूप विकास कार्य को गति प्रदान कराने जैसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब बस्तर फाइटर्स भी निभाएंगे।

कल हुई थी पहली पासिंग आउट परेड
इससे पहले शनिवार 15 अप्रैल को बीजापुर में 15वीं वाहिनी छसबल और कोंडागांव के बस्तर फाइटर्स के 204 नव आरक्षकों की पासिंग आउट परेड हुई थी। इसी तरह अब सोमवार को 16वीं वाहिनी छसबल, नारायणपुर, 18 अप्रैल को पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय, माना-रायपुर, 20 अप्रैल को पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र बोरगांव, कोण्डागांव, 21 अप्रैल को पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय, राजनांदगांव और 22 अप्रैल को 9वीं वाहिनी छसबल, दंतेवाड़ा में दीक्षांत परेड होगी।