छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : पांच भरमार बंदूक के साथ 5 गिरफ्तार, चुनाव से पहले नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सर्चिंग, गन पाउडर और शीशे के टुकडे़ भी जब्त

बलरामपुर : बलरामपुर जिले में पुलिस ने विधानसभा चुनाव से पहले सर्च अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने नक्सल प्रभावित गांवों में सर्चिंग की थी। जहां से पुलिस ने 5 भरमार बंदूक के साथ 5 लोगों को पकड़ा है। इनके पास से गन पाउडर और शीशे के टुकडे़ भी जब्त किए गए हैं।

एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चांदो थाना प्रभारी सम्पत राम ग्राम भारपुर, कंदरी सुखरी, जवांखांद, जलबोया व मगाजी में सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बैरडीहकला ‘बोदाखांड’ निवासी राजेश उर्फ बुंती नामक ग्रामीण ने अपने घर में 4-5 भरमार बन्दूक छिपा कर रखा है।

इसके बाद पुलिस ने उसके घर में दबिश दी और राजेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने राजेश की निशानदेही पर जुगेल अगरिया, बिरजू अगरिया, नकल नगेशिया, गंगाराम को गिरफ्तार किया है। इनके संबंध में जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि क्या इनके नक्सलियों से कोई संबंध थे। या इनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड है। फिलहाल मामले में जांच जारी है।