छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : हाथी ने किसान को कुचल कर मार डाला, बेटे ने किसी तरह भागकर बचाई जान

अंबिकापुर। पिछले कई दिनों से सीतापुर, बतौली क्षेत्र में अकेले विचरण कर रहा जंगली हाथी लुंड्रा के झेराडीह के समीप पहुंच गया। गेंहू की फसल की सिंचाई कर घर लौट रहे कृषक का हाथी से सामना हो गया। हाथी ने कृषक को कुचल कर मार डाला। कृषक का बेटा किसी तरह जान बचाकर भाग निकला। क्षेत्र में हाथी की उपस्थिति की उन्हें जानकारी नहीं थी। वन कर्मचारियों को भी इस बात की जानकारी नहीं थी कि हाथी लुंड्रा क्षेत्र में पहुंच गया है। बतौली के मानपुर जंगल की ओर से हाथी मानपुर ,गाजरमुंडा होते झेराडीह बस्ती के समीप शुक्रवार रात को पहुंचा था। खेतों के आसपास ही वह विचरण कर रहा था।

हाथी की निगरानी नहीं हो रही थी। गांववालों को भी पता नहीं था कि हाथी की उपस्थिति है। गेहूं के खेत में सिंचाई कर रात लगभग नौ बजे केशव पैकरा (62) अपने पुत्र के साथ घर की ओर लौट रहा था। उसी दौरान हाथी से आमना- सामना हो गया। बेटा तो किसी तरह भाग निकला लेकिन केशव पैकरा को हाथी ने सूंड से उठाकर पटक दिया। पैरों से कुचलने के कारण उसकी मौत हो गई। हाथी काफी देर तक शव के आसपास ही मंडराता रहा। घटना की सूचना पर पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हाथी के चले जाने के बाद अंग-भंग वाले शव को समेट कर मृतक के घर पहुंचाया गया है। हाथी अभी भी इसी क्षेत्र में है।