छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: कांग्रेस नेता की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव; निकले थे मॉर्निंग वॉक पर

पूर्व जनपद पंचायत सदस्य और कांग्रेस नेता दयाराम जायसवाल। - Dainik Bhaskar

बलौदाबाजार। जिले में गुरुवार को पूर्व जनपद पंचायत सदस्य और कांग्रेस नेता की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। कांग्रेस नेता दयाराम जायसवाल (60) सुबह खेत की ओर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। मामला कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम असनींद का है।

थाना प्रभारी मंजुलता राठौर ने बताया कि, दयाराम जायसवाल की लाश सड़क किनारे मिली है। वारदात के दौरान मौके पर ही कांग्रेस नेता की मौत हो गई थी। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि खेती विवाद में हत्या की गई है।

पुलिस ने बताया कि दयाराम के सिर पर गहरे जख्म के निशान हैं। आरोपी चालक से पूछताछ की जा रही है। आरोपी रामसागर जायसवाल (55) ने दयाराम को अकेले आता देखकर असनींद और हतोद मार्ग के बीच खेत के पास ट्रैक्टर से टक्कर मारकर जमीन पर गिरा दिया।

इसके बाद उसके ऊपर से कई बार ट्रैक्टर से कुचला। इसके चलते पूर्व जनपद पंचायत सदस्य का सिर बुरी तरह से कुचल गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

जांच में पता चला है कि आरोपी रामसागर और दयाराम के बीच गांव के नरेश चौहान की जमीन पर खेती करने को लेकर पिछले 3 सालों से विवाद चल रहा था। नरेश चौहान गांव के बाहर रहता है और उसकी 3 एकड़ जमीन पर रामसागर ठेके पर खेती करता है। नरेश ने रामसागर के भाई के नाम पर एग्रीमेंट भी किया हुआ है

इस बात से कांग्रेस नेता दयाराम को आपत्ति थी। वह हमेशा इस बात को लेकर रामसागर और उसके परिवार से विवाद करता रहता था। वह खुद उस जमीन पर खेती करना चाहता था। जबकि जमीन का मालिक नरेश उससे खेती नहीं करवाना चाहता था।

रोज-रोज के विवाद से तंग आकर रामसागर ने दयाराम की हत्या की साजिश रची। उसे पता था कि वो रोज मॉर्निंग वॉक के लिए निकलता है, ऐसे में आरोपी घात लगाकर बैठा था। वह जैसे ही सैर पर निकला, रामसागर ने दयाराम को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला।