छत्तीसगढ़

सक्ती: राइस मिलर के घर से 60 लाख से अधिक की चोरी, 5 लाख नगद और गहने पार; घटना के वक्त घर पर मौजूद था परिवार

सक्ती। जिले में शुक्रवार की रात सिटी कोतवाली से महज कुछ दूर स्थित राइस मिल संचालक के घर से 5 लाख नगद और सोने-चांदी के गहनों की चोरी हो गई। चोरी के समय परिवारवाले घर में ही मौजूद थे, लेकिन किसी को चोरी की भनक नहीं लगी। नगद और गहने मिलाकर कुल 60 लाख से अधिक की चोरी हुई है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।

सक्ती के बाराद्वार रोड स्थित राइस मिल एवं ट्रांसपोर्ट व्यवसायी प्रकाश चंद गोयल के निवास पर अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लगभग पांच लाख रूपये नकद और 55 लाख रूपये के सोने चांदी के जेवर को पार कर दिया। घर के लोगों को रात लगभग 3 बजे इसकी जानकारी मिली तो वे उठकर बाहर आए तो देखा कि चोर भाग रहे हैं। इसकी सूचना उन्होंने थाने जाकर सुबह पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात प्रकाश गोयल और उसके परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे। मकान के नीचे वाले हिस्से में दुकान के पीछे तीसरे नंबर के कमरे में आलमारी में सोने चांदी के गहने रखे थे। चोरों ने मकान के पीछे से अंदर घुसकर आलमारी में रखे गहने और पांच लाख रूपये नकद पार कर दिया। लगभग साठ लाख रुपये की चोरी की आशंका व्यवसायी ने जताई है। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी विवेक शर्मा बल के साथ मौके पर पहुंचे और मौके का मुआयना किया। इधर परिवार के सदस्य चोरी गए सामानों के स्पष्ट आंकड़े जुटाने की बात कही। 

पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही है। सीसी कैमरे में दो नाबालिगों की तस्वीर कैद हुई है। पुलिस घर के अलावा आसपास मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही है। इधर नगर में यह भी चर्चा है कि व्यवसायी के घर से बड़ी चोरी हुई है। लोग लगभग एक करोड़ रूपये तक के गहनों के चोरी होने की आशंका जता रहे हैं। इधर इस बड़ी चोरी से नगरवासी अपनी जान माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। जिला मुख्यालय में हुई चोरी की इस बड़ी वारदात से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।