छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : शादी टूटने से आहत युवक लापता, खुदकुशी की आशंका, पुल पर लावारिस खड़ी कार को देखकर फूट-फूटकर रोने लगे माता पिता

दुर्ग I दुर्ग के शिवनाथ नदी पर बने पुराने पुल पर एक कार बुधवार देर रात से संदिग्ध हालत में खड़ी मिली। कार राजनांदगांव जिले के पलाश अग्रवाल पिता अनिल अग्रवाल (28 साल) की बताई जा रही है। वह शादी टूटने से काफी दुखी था। देर रात मोबाइल बंद करके वह घर से निकला था। इसके बाद उसकी कार शिवनाथ नदी के पुराने ब्रिज पर खड़ी मिली। कार को देखकर पलाश के माता पिता फूट-फूटकर रोने लगे। पुलिस आशंका जता रही है कि उसने खुदकुशी की है।

पुलगांव पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें स्थानीय गोताखोरों ने गुरुवार सुबह जानकारी दी कि एक कार पुराने पुल पर संदिग्ध हालत में खड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा की कार में कोई नहीं है। कार के अंदर दो मोबाइल फोन पड़े हैं और रस्सी भी पड़ी हुई है। लोगों ने आशंका जताई की युवक आया और कार को पुल पर खड़ी करके खुदकुशी करने के लिए नदी में कूद गया है।

कुछ घंटे के अंदर राजनांदगांव से तीन लोग आए। कार को देख महिला और दोनों युवक फूट-फूटकर रोने लगे। महिला ने बताया कि वह लोग राजनांदगांव स्टेशन पारा वार्ड 7 पांडुरंग कालोनी के रहने वाले हैं। यह कार उनके बेटे पलाश अग्रवाल की है। वह रायपुर के निजी बैंक में नौकरी करता है और श्री नारायण हॉस्पिटल के सामने देवेंद्र नगर में रहता है। रायपुर की ही रहने वाली लड़की से उसका एक महीने पहले शादी का रिश्ता तय हुआ था। लड़की के माता पिता ने बुधवार को अचानक रिश्ता तोड़ दिया। इससे पलाश सदमें चला गया था। पलाश के मता-पिता ने रात 1 बजे तक उससे फोन पर बात की और उसे समझाया। इसके बाद पलाश ने मोबाइल बंद कर लिया। इससे माता पिता घबरा गए और उसकी तलाश करने निकल गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रायपुर से लौटा था युवक, अचानक हुआ गायब
पलाश देर रात रायपुर से राजनांदगांव के लिए अपनी कार सीजी 04 एमवाय 2686 से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। उसकी कार गुरुवार सुबह दुर्ग के शिवनाथ नदी पर बने पुराने पुल पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। इससे उसके खुदकुशी करने की आशंका भी जताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चला। एसडीआरएफ की टीम भी उसकी तलाश नदी में कर रही है। यह वही पुल है जहां से कुछ महीने पहले रायपुर का एक युवक कार सहित नदी में कूदा था।