छत्तीसगढ़

बिलासपुर: 9 साल की बेटी से पिता करता था दुष्कर्म, फैक्ट्री मालिक है आरोपी, पत्नी मायके में रहने लगी तो वहां जाकर भी किया रेप

बिलासपुर I बिलासपुर में 9 साल की बेटी के साथ उद्योगपति पिता के रेप करने का मामला सामने आया है। रायगढ़ में रहने वाले इस कारोबारी का अपनी पत्नी से भी विवाद है। उसकी मनमानी से तंग आकर पत्नी अपने मायके में रह रही है। इस दौरान वह अपनी बेटी से मिलने आता था और उसके साथ दुष्कर्म करता था। बेटी ने अपनी मां को इस हरकत की जानकारी दी। मां ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।

सकरी क्षेत्र की रहने वाली महिला हाउसवाइफ हैं। उनकी शादी साल 2014 में रायगढ़ में रहने वाले फैक्ट्री संचालक से हुई थी। शादी के बाद उनकी बेटी हुई लेकिन, पति-पत्नी के बीच संबंध ठीक नहीं थे। पत्नी का कहना है कि पति बिना बात के विवाद करता था। पति की आए दिन की प्रताड़ना से तंग आकर महिला अपनी 9 साल की बेटी को लेकर बिलासपुर में अपने मायके में आकर रहने लगी। महिला और उसकी बेटी तीन माह से यहां रह रहीं हैं।

बेटी ने मां को बताई आपबीती
महिला ने पुलिस को बताया कि बीते जुलाई माह से उसके पति की नीयत बेटी पर बिगड़ गई थी। उसने रायगढ़ में भी बेटी के साथ गलत हरकत की। जब महिला ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद जब वह बिलासपुर आ गई, तब उसका पति बेटी से मिलने के बहाने आता था। यहां वह अच्छा व्यवहार करता और बेटी से अकेले मिलता था। इसी दौरान उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।कुछ दिन पहले ही बेटी ने अपनी मां को पिता के गलत हरकतों की जानकारी दी। मामला सामने आने पर महिला अपनी बेटी को लेकर SSP पारुल माथुर के पास पहुंची। उनके निर्देश पर महिला थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

रायगढ़ का संपन्न कारोबारी है आरोपी
पुलिस ने बताया कि महिला का पति उद्योगपति है और उसका लोहे की चादर और ट्रक बॉडी बनाने का प्लांट है। शादी के बाद कुछ दिन तक तो ठीक चला,लेकिन फिर पति ने नशे में घर आना शुरू कर दिया। सब बातों पर अपनी मनमानी करता और मना करने पर मारपीट करता था। महिला अपनी सामाजिक स्थिति और बेटी के कारण मजबूरी में प्रताड़ना सहते हुए ससुराल में ही रहती थी, लेकिन जब बेटी पर बुरी नजर पड़ी तो वह डर गई। वह बेटी को लेकर अपने मायके आ गई।

रायगढ़ से फरार हो गया है पति
महिला थाना प्रभारी ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद पुलिस की टीम आरोपी की तलाश करने रायगढ़ गई थी। इस दौरान उसके घर में दबिश दी गई। लेकिन, वह फरार मिला। पुलिस उसके सभी ठिकानों की जानकारी जुटाकर तलाश कर रही है।