मेरठ। मेरठ में पति को मारकर नीले ड्रम में छिपाने वाली मुस्कान और उसके प्रेमी को बुधवार को कोर्ट ने हत्या का दोषी करार दिया है। कोर्ट ने माना दोनों ने मिलकर सौरभ को मारा था। शव के टुकड़े करके उन्हें नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से पैक कर दिया था।
घटना के 576 दिन बाद 126 तारीखों में 22 से ज्यादा गवाहों के बयान के बाद कोर्ट ने फैसला लिया। सजा का ऐलान कोर्ट 15 दिन बाद करेगी।
हत्या 3 मार्च 2025 को हुई थी। जुलाई 2025 में जिला जज की कोर्ट में ट्रायल शुरू हुआ था। पुलिस ने 1,000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। 19 सितंबर को कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था।
मुस्कान पिछले 3 दिनों से जेल में पूजा कर रही थी। साहिल ने साथी कैदियों से बातचीत बंद कर दी थी।
हत्याकांड से जुड़ी 3 चर्चित तस्वीरें देखिए



सौरभ की हत्या और नीले ड्रम में पैक करने की पूरी कहानी
मुस्कान का पति सौरभ मर्चेंट नेवी में अफसर थे। वह 24 फरवरी 2025 को लंदन से लौटकर मेरठ आए थे।
पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने 3 मार्च, 2025 को अपने बॉयफ्रेंड साहिल शुक्ला के साथ मिलकर पहले खाने में दवा मिलाकर बेहोश किया। फिर बेडरूम में सोते समय पति के सीने में चाकू मारकर उसे मार डाला।
मौत के बाद लाश को बाथरूम में ले गए। जहां साहिल ने दोनों हाथ और सिर काटकर धड़ से अलग किया। बॉडी को ठिकाने लगाने के लिए प्लास्टिक के ड्रम में टुकड़े डाले, फिर उसमें सीमेंट का घोल भर दिया। परिवार और पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए मुस्कान शिमला-मनाली चली गई।
13 दिन तक वह इंस्टाग्राम पर वीडियो-फोटो अपलोड करती रही, ताकि लोग यही समझते रहें कि वे लोग घूम रहे हैं।
इस कत्ल से पर्दा तब हटा, जब 18 मार्च को सौरभ का छोटा भाई राहुल अपने भाई के घर पहुंचा। यहां उसने मुस्कान को एक लड़के (साहिल) के साथ घूमते देखा।
भाई कहां हैं? पूछने पर सही जवाब मुस्कान नहीं दे सकी। घर के अंदर से बदबू भी आ रही थी। राहुल ने शोर मचाया, तब पड़ोसी भी इकट्ठा हो गए। पुलिस आई तो मर्डर का पता चला।




