Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: ग्रामीण इलाकों में महसूस होने लगी सुबह-रात हल्की ठंड, अंबिकापुर में पहुंचा 13°C पारा; यह सामान्य से 4° कम

छत्तीसगढ़: ग्रामीण इलाकों में महसूस होने लगी सुबह-रात हल्की ठंड, अंबिकापुर में पहुंचा 13°C पारा; यह सामान्य से 4° कम

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और बस्तर संभाग के साथ ग्रामीण इलाकों में सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है। रात के तापमान में गिरावट के साथ मौसम में बदलाव नजर आने लगा है। हालांकि, मैदानी इलाकों में दिन के समय अब भी गर्मी बनी हुई है।

रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 13.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम ड्राई रहने की संभावना है।

अगले 24 घंटे न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने के आसार नहीं हैं। इसके बाद रात के तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। यानी आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।

अंबिकापुर में रात का पारा 13.6 डिग्री

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में अंतर बना हुआ है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। पेंड्रारोड में रात का तापमान 17 डिग्री रहा। वहीं, रायपुर में न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री दर्ज हुआ। दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है।

बंगाल में बन सकता है लो प्रेशर

बंगाल की खाड़ी में साइक्लोन सर्कुलेशन बना हुआ है। इसके असर से आज (23 अक्टूबर) लो प्रेशर बन सकता है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और इसके और मजबूत होने की संभावना है।

फिलहाल इस सिस्टम का छत्तीसगढ़ के मौसम पर असर नहीं पड़ेगा। प्रदेश में आज (शुक्रवार) मौसम ड्राई रहेगा। मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram