Home » ईरान युद्ध » युद्धविराम टूटा: यूएस ने तेहरान पर दागीं मिसाइलें; जवाब में ईरान का बहरीन में अमेरिकी बेस पर हमला

युद्धविराम टूटा: यूएस ने तेहरान पर दागीं मिसाइलें; जवाब में ईरान का बहरीन में अमेरिकी बेस पर हमला

तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी सेना ने मंगलवार रात ईरान पर हवाई हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि यह कार्रवाई होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी अपाचे हेलिकॉप्टर गिराए जाने के जवाब में की गई।

इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया था कि गश्त कर रहे अमेरिकी AH-64 अपाचे हेलिकॉप्टर को ईरान ने मार गिराया। हालांकि, उन्होंने कहा कि दोनों पायलट सुरक्षित हैं। ट्रम्प ने लिखा, “अमेरिका को इस हमले का जवाब देना ही होगा।”

उधर, ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने दावा किया है कि उसने जवाबी कार्रवाई में बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने और अमेरिकी नौसेना के फिफ्थ फ्लीट मुख्यालय को ड्रोन से निशाना बनाया।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरानी सेना हर हमले का जवाब देगी। उन्होंने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा, “अगर सुरक्षित रहना चाहते हैं तो हमारा क्षेत्र छोड़ दें।”

हालांकि, हेलिकॉप्टर हादसे को लेकर अलग-अलग दावे हैं। एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, अपाचे हेलिकॉप्टर एक ईरानी ड्रोन से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। घटना की जांच जारी है।

ईरान का दावा- अमेरिकी MQ-9 ड्रोन मार गिराया

ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया है। ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक यह हमला दक्षिणी ईरान के जाम क्षेत्र में किया गया।

ड्रोन गिराने से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। फिलहाल अमेरिकी सेना की ओर से MQ-9 ड्रोन गिराए जाने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बहरीन में एयर रेड सायरन बजे, लोगों को सुरक्षित जगह जाने की सलाह

ईरान-अमेरिका तनाव के बीच बहरीन में एयर रेड सायरन बजाए गए हैं। बहरीन के गृह मंत्रालय ने लोगों से शांत रहने और तुरंत नजदीकी सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

यह अलर्ट ऐसे समय जारी किया गया है जब ईरान ने दावा किया है कि उसने बहरीन में मौजूद अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट के ठिकाने को ड्रोन से निशाना बनाया है। वहीं अमेरिका ने इससे पहले ईरान में कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए थे।

अमेरिका के ईरान पर हमलों के बाद तेल 1% महंगा

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर एक बार फिर वैश्विक तेल बाजार पर दिखा है। अमेरिकी हमलों के बाद मंगलवार को कच्चे तेल की कीमतों में करीब 1% की तेजी आई।

ब्रेंट क्रूड 83 सेंट यानी 0.9% बढ़कर 92.29 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं अमेरिकी WTI क्रूड 68 सेंट यानी 0.8% चढ़कर 88.97 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।

इजराइल की चेतावनी- ईरान पर फिर हमला करेंगे

इजराइली सेना प्रमुख एयाल जामिर ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो इजराइल ईरान पर फिर हमला करेगा। उन्होंने कहा कि हाल में ईरान पर किया गया हमला इससे भी बड़े अभियान की तैयारी का हिस्सा था।

जामिर ने कहा कि हालिया संघर्ष के दौरान इजराइल की रक्षा और हमला करने वाली सभी सैन्य प्रणालियां पूरी तरह तैयार थीं। उन्होंने दावा किया कि इजराइल ने ईरान की तरफ से आए हमलों को रोका और तुरंत जवाबी कार्रवाई की।

उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अगर हालात बदलने की कोशिश करेगा तो वह सफल नहीं होगा। साथ ही इजराइल हिजबुल्लाह के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखेगा और उत्तरी इलाकों की सुरक्षा करता रहेगा।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram