जुबा। दक्षिणी सूडान की राजधानी जुबा के बाहरी इलाके में स्थित एक सोने की खदान पर हुए हमले में 70 से अधिक लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को इस घटना की पुष्टि की। बताया जा रहा है, यह हमला खदान के अंदर हुए विवाद के बाद किया गया था।
पुलिस प्रवक्ता क्वाजिज्वोक डोमिनिक अमोंडोक ने कहा कि हमले के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा, अभी तक मिली जानकारी के अनुसार अज्ञात बंदूकधारियों ने जेबेल इराक स्थित सोने की खदान पर हमला किया। 70 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हैं। वहीं,सूडान पीपल्स लिबरेशन आर्मी ने इस हमले की निंदा की है और इसके लिए सरकारी बलों को जिम्मेदार ठहराया है।



