रायपुर । छत्तीसगढ़ में पिछले 10 दिनों से थमा मानसून अब पूरी तरह एक्टिव हो गया है। 30 जून तक मानसून पूरे प्रदेश में पहुंच चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक राज्य के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं आज (2 जुलाई) और कल भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक और बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 100 मिमी (10 सेमी) बारिश छोटेडोंगर में रिकॉर्ड की गई।
हालांकि अब तक प्रदेश में मानसूनी बारिश सामान्य से काफी कम रही है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 60% कम बारिश हुई है। 30 जून तक प्रदेश में सामान्य तौर पर 188 मिमी (7.4 इंच) बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 66.2 मिमी (2.5 इंच) ही दर्ज हुई है।
यानी सामान्य से 121.8 मिमी (4.7 इंच) कम बारिश हुई है। राहत की बात यह है कि मानसून के पूरे प्रदेश में सक्रिय होने के बाद आने वाले दिनों में इस कमी की भरपाई होने की उम्मीद है।
बारिश का रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटे में छोटेडोंगर के अलावा कुटरू में 80 मिमी बारिश दर्ज की गई। पटना, चिरमिरी, बीजापुर, भैरमगढ़ और बैकुंठपुर में 70-70 मिमी बारिश हुई। वहीं मनेन्द्रगढ़, नया बाराद्वार, रामचंद्रपुर, बड़े बचेली, ओरछा, ओडगी और भोपालपटनम में 60-60 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
रायपुर का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक आज (गुरुवार) दिनभर बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक और बिजली गिर सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
क्यों बढ़ेगी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर छत्तीसगढ़ में साइक्लोन सर्कुलेशन एक्टिव है। वहीं बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से में 3 जुलाई के आसपास लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है। इसके असर से प्रदेश में बारिश की एक्टिविटी तेज होंगी।




