Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: प्रदेश में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट; सूरजपुर में महीनेभर पहले बना रपटा बहा, मुंगेली में पुल डूबा

छत्तीसगढ़: प्रदेश में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट; सूरजपुर में महीनेभर पहले बना रपटा बहा, मुंगेली में पुल डूबा

रायपुर । छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मध्य और उत्तर हिस्से में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। बिजली गिर सकती है। लगातार बारिश से सूरजपुर जिले में गोबरी नदी पर बना रपटा पुल तेज बहाव में टूट गया, जिससे डबरीपारा, बासापारा, शिवप्रसाद नगर समेत दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय और नेशनल हाईवे-43 से संपर्क टूट गया।

ग्रामीणों का दावा है कि यह पुल करीब एक महीने पहले ही बनाया गया था। वहीं, मुंगेली जिले में पिछले दो दिनों की लगातार बारिश से मनियारी और आगर नदियां उफान पर हैं। मनियारी नदी पर स्थित कारीडोंगरी पुल डूब गया, जिससे लोरमी ब्लॉक के करीब 20 गांव का सीधा संपर्क कट गया है।

जिले के सभी छोटे-बड़े बांध भर चुके हैं। प्रशासन ने कारीडोंगरी पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर आवाजाही बंद कर दी है और लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील की है।

नेशनल हाईवे-49 पर जलभराव

इससे पहले जांजगीर-चांपा के अकलतरा स्थित कर्रा नाला जलाशय का एक हिस्सा भारी बारिश से बह गया। प्रशासन ने 125 लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया गया। बिलासपुर में हो रही लगातार बारिश से नेशनल हाईवे-49 पर जलभराव हो गया था। कई जगहों पर सड़क के ऊपर 4 से 5 फीट तक पानी बहता नजर आया।

पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान भी 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

अगले 48 घंटे का पूर्वानुमान

  • प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश।
  • मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना।
  • कई जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका।

रायपुर का मौसम

आज (20 जुलाई) रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 24°C रहने का अनुमान है।

छत्तीसगढ़ में अब तक 307.2 मिमी (12 इंच) बारिश

छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरे प्रदेश में सक्रिय है। 1 जून से 18 जुलाई तक 307.2 मिमी (12 इंच) बारिश हुई है। इस समय तक जितनी बारिश सामान्यतः होनी चाहिए, उसके मुकाबले प्रदेश में 81.8% बारिश दर्ज की गई है। शनिवार को औसतन 17.7 मिमी बारिश हुई।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram