रायपुर। मोहल्ले में आपका बच्चा किसके साथ खेल रहा है? किसके साथ घूम रहा है और कहां जा रहा है? बच्चों की एक उम्र तक उनकी संगत और गतिविधियों पर नजर रखना बेहद जरूरी है. नहीं तो वह किसी बड़ी मुसीबत में पड़ सकता है. रायपुर के गुढ़ियारी से सामने आया यह मामला भी अभिभावकों के लिए एक बड़ी सीख है, जहां नाबालिग बच्चों को अपने झांसे में लेकर डराने-धमकाने और ब्लैकमेल कर सोने-चांदी के जेवर और पैसों की उगाही की जाती थी. इस मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है.
दबाव बनाकर सोने के जेवर और पैसे की उगाही
जानकारी के मुताबिक, गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के अशोक नगर में 11 वर्षीय नाबालिग अपनी मामी के साथ रहती है. पास में ही वंदना साहू भी अपने पति दीपक साहू के साथ रहती है. आरोप है कि वंदना और दीपक ने नाबालिग को डरा-धमकाकर और ब्लैकमेल कर उसके घर पर रखे सोने-चांदी के जेवरात मंगवाए.

शिकायत में बताया गया कि 2 सितंबर को बच्ची ने अपनी नानी का रानीहार भी चोरी-छिपे लेकर वंदना साहू को दे दिया. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने बच्ची पर दबाव बनाकर उससे नगदी रकम भी मंगवाई. इसी तरह मोहल्ले के अन्य बच्चों को भी डराने-धमकाने और उनसे अवैध रूप से पैसे और जेवरात की उगाही करने की बात सामने आई है.
पति-पत्नी गिरफ्तार

मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए शिकायत के आधार पर धारा 308(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया. नॉर्थ जोन की डिप्टी कमिश्नर दीपमाला कश्यप ने एडीसीपी आदित्य पाण्डेय समेत अन्य अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार और नाबालिग से पूछताछ कर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और वंदना साहू और दीपक साहू को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से उगाही किए गए सोने के कान के टॉप्स और चेन बरामद किए हैं. पूछताछ में पति-पत्नी ने अपराध करना स्वीकार किया. दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.




