Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: लंबे इंतजार के बाद प्रदेश में मानसून की एंट्री, कई जिलों में झमाझम बारिश; येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़: लंबे इंतजार के बाद प्रदेश में मानसून की एंट्री, कई जिलों में झमाझम बारिश; येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी

रायपुर। प्रदेशवासियों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने सोमवार को दंतेवाड़ा जिले से दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश में प्रवेश की पुष्टि की है। इसके साथ ही अगले 24 से 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। मानसून की दस्तक के साथ ही प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है।

सोमवार दोपहर को अचानक मौसम बदला और रायपुर, रायगढ़, कोरबा सहित कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई।

भारी बारिश के चलते रायपुर के सुंदरनगर इलाके में महादेवघाट रोड पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आनेजाने में काफी दिक्कतें हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मानसून के राज्य के कुछ और हिस्सों (जिसमें रायगढ़ और आस-पास के क्षेत्र शामिल हैं) में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। आने वाले दो दिनों में बारिश का दायरा और अधिक बढ़ सकता है।

मानसून के आगमन से किसानों में भी खुशी का माहौल है, क्योंकि खरीफ फसलों की बुवाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनने लगी हैं। वहीं, आम लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी

इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अस्थिर रहने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा और सूरजपुर सहित कई जिलों में मेघगर्जन, बिजली चमकने, हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।

इन क्षेत्रों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर आंधी और तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक जाने की चेतावनी दी गई है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा (30–40 किमी प्रति घंटा) और वर्षा की संभावना जताई गई है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram