रायपुर/ बिलासपुर । राजधानी रायपुर में फ्यूल स्टेशनों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। वहीं आमानाका पेट्रोल पंप में मैनेजर का कहना है कि फ्यूल की सप्लाई नॉर्मल है। लोगों में पेट्रोल खत्म होने की अफवाह फैली है। वहीं बिलासपुर में शहर और आउटर के करीब 13 पेट्रोल पंप पूरी तरह ड्राई हो चुके हैं।

ज्यादा असर एचपीसीएल के पंपों पर है, जबकि बीपीसीएल के पंप में भी डीजल-पेट्रोल की कमी हो गई है। आईओसीएल (Indian Oil Corporation Limited) के कुछ पंप ड्राई हुए हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षाकृत जल्दी सप्लाई मिल जा रही है। बुधवार को टैंकर नहीं आने के कारण ज्यादातर सर्विस स्टेशनों में यही हालत रही।

पंप संचालकों ने तेल कंपनियों को भुगतान कर दिया है, जिसके बाद डिपो से टैंकर रवाना किए गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि ऐसे पंपों पर जल्द आपूर्ति बहाल हो जाएगी। इसके अलावा दुर्ग-रायगढ़ में स्थिति सामान्य है।
कलेक्टर ने बुलाई ऑयल कंपनियों और पेट्रोल पंप एसोसिएशन की बैठक
बिलासपुर में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा है कि, जिले में बड़ी शॉर्टेज नहीं है और तेल कंपनियों के माध्यम से सप्लाई बहाल करने की प्रक्रिया जारी है। इस सिलसिले में कलेक्टर ने गुरुवार को ऑयल कंपनियों और पेट्रोल पंप एसोसिएशन की बैठक बुलाई है।

इधर, पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष नवदीप सिंह अरोरा का कहना है कि कुछ पेट्रोल पंप ड्राई होने की सूचना मिली है, लेकिन स्थिति चिंताजनक नहीं है। कुछ पंपों को देर रात या फिर गुरुवार को पेट्रोल-डीजल मिल जाएगा। शहर का गंगा फ्यूल्स पहले से बंद है, जबकि नेहरू चौक का पंप तीन बार ड्राई हो चुका है। देवकीनंदन चौक का पंप भी एक माह से बंद है। बुधवार को आउटर के कई पंपों में अचानक पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया। कुछ पंप तीन दिन से सूखे पड़े हैं।



