Home » छत्तीसगढ़ » रायपुर: होटल में मिली लड़की की लाश, खून से लथपथ मिला युवक; मौके पर पहुंची पुलिस

रायपुर: होटल में मिली लड़की की लाश, खून से लथपथ मिला युवक; मौके पर पहुंची पुलिस

रायपुर। राजधानी रायपुर के झूलेलाल चौक के पास स्थित बंसल पैराडाइज होटल में एक युवती की लाश मिली है। उसी होटल के कमरे में एक लड़का खून से लथपथ मिला है, जिसकी हालत गंभीर है। मामला गंज थाना क्षेत्र का है।

शुक्रवार को काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कमरे से जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आ रही थी, युवक खुद अपना गला काटते हुए दिखाई दिया। हालांकि, इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है।

युवक की पहचान कृष्ण कुमार भारद्वाज के रूप में हुई है, जो वाराणसी के मोहावन का रहने वाला है। वहीं युवती रिमन मंडावी छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले की रहने वाली थी। दोनों ने होटल में अपने पहचान पत्र देकर चेक-इन किया था।

अपना गला काटते हुए दिखाई दिया युवक

कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद होटल कर्मचारियों ने मिलकर कमरे की खिड़की तोड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खिड़की से देखने पर युवक चाकू से अपना गला काटते हुए दिखाई दिया।

होटल स्टाफ के अनुसार, 14 अगस्त दोपहर करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच कमरा नंबर 401 से युवती के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर होटल के अलग-अलग फ्लोर पर मौजूद कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

मौके पर पहुंची पुलिस और FSL टीम

सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो युवती कमरे के अंदर मृत मिली, युवक खून से लथपथ था। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या या संदिग्ध मौत का लग रहा है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी।

पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है और होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। मामले की जांच जारी है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram