Home » ईरान युद्ध » रूस का सबसे सीक्रेट प्लेन ईरान पहुंचा, हवा में रहकर कर सकता है जंग कंट्रोल; ईरान की रिवेंज लिस्ट में ट्रम्प-नेतन्याहू समेत 13 नेता

रूस का सबसे सीक्रेट प्लेन ईरान पहुंचा, हवा में रहकर कर सकता है जंग कंट्रोल; ईरान की रिवेंज लिस्ट में ट्रम्प-नेतन्याहू समेत 13 नेता

तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच रूस ने अपना बेहद सुरक्षित Tu-214PU एयरबोर्न कमांड विमान तेहरान भेजा है। दुनिया भर में उड़ रहे विमानों की रियल-टाइम लोकेशन दिखाने वाली वेबसाइट फ्लाइटराडार24 ने यह दावा किया है।

Tu-214PU सामान्य VIP प्लेन नहीं है। इसमें सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन सिस्टम, कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम और स्पेशल डेटा लिंक लगे हैं। इनकी मदद से संकट की स्थिति में भी रूस का टॉप लीडर उड़ान के दौरान सेना और सरकार का संचालन कर सकते हैं।

इसी वजह से इसे रूस का ‘डूम्सडे प्लेन’ यानी कि ‘प्रलय के दिन इस्तेमाल होने वाला विमान’ भी कहा जाता है। यह विमान रोसिया स्पेशल फ्लाइट स्क्वाड्रन संचालित करता है। यही स्क्वाड्रन रूस के राष्ट्रपति और देश के शीर्ष राजनीतिक व सैन्य नेतृत्व की उड़ानों का जिम्मा संभालता है।

Tu-214PU के मिशनों का पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक नहीं किया जाता। हालांकि यूक्रेन जंग के दौरान यह विमान कई बार उड़ान भरता देखा गया। रूस के पास ऐसे कितने विमान हैं, इसकी भी जानकारी सार्वजनिक नहीं है।

यह प्लेन ऐसे समय तेहरान पहुंचा है, जब अमेरिका ईरान के सैन्य ठिकानों पर लगातार हमले कर रहा है और ईरान जवाबी कार्रवाई कर रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस विमान का तेहरान पहुंचना एक बड़ा रणनीतिक संकेत है। इससे यह संदेश जाता है कि रूस, ईरान के साथ उच्च स्तर पर संपर्क बनाए हुए है।

ईरान और अमेरिका के बीच जंग लगातार जारी है। अमेरिका ने रविवार को ईरान में 140 ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। इसके जवाब में ईरान ने सोमवार को कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया।

ईरान की रिवेंज लिस्ट में ट्रम्प-नेतन्याहू समेत 13 नेता

ईरान के सरकार समर्थक अखबार हमशहरी ने 13 ग्लोबल लीडर्स की ‘रिवेंज लिस्ट’ जारी की है। इसमें डोनाल्ड ट्रम्प, बेंजामिन नेतन्याहू, कीर स्टार्मर, इमैनुएल मैक्रों, जॉर्जिया मेलोनी और फ्रेडरिक मर्ज समेत कई नेताओं के नाम शामिल हैं।

ग्राफिक में ट्रम्प और नेतन्याहू की तस्वीरों पर स्नाइपर का निशाना दिखाया गया है। यह सूची पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद सामने आई है। हालांकि, ईरान सरकार ने इस सूची को आधिकारिक मंजूरी नहीं दी है।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram