छत्तीसगढ़

मैनपुरी लोकसभा समेत 6 विधानसभा सीटों पर भी मतदान शुरू

गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 93 सीटों पर सोमवार को मतदान हो रहा है। इसके साथ ही 5 राज्यों की 1 लोकसभा और 6 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं। इनमें सबसे प्रमुख हैं उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट, जो मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई है। यहां सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। इसी तरह यूपी की ही आजमगढ़ और खतौली सीट पर भी वोटिंग हो रही है। दोनों सीटों पर समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। जिन अन्य विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं, उनमें शामिल हैं – ओडिशा में पदमपुर, राजस्थान में सरदारशहर, बिहार में कुरहानी, छत्तीसगढ़ में भानुप्रतापपुर। इन सभी सीटों पर शाम 5 बजे तक मतदान होगा। नतीजा 8 दिसंबर को घोषित होगा। उसी दिन गुजरात और हिमाचल विधानसभा चुनावों के लिए भी मतगणना है।

मैनपुरी संसदीय क्षेत्र में मुलायम सिंह की बहू और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव सपा की उम्मीदवार हैं, जबकि भाजपा ने रघुराज सिंह शाक्य को मैदान में उतारा है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के भाई अभय राम यादव ने इटावा के सैफई स्थित अभिनव विद्यालय में वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा, समाजवादी पार्टी भारी अंतर से जीतने जा रही है। किसी अन्य राजनीतिक दल से कोई प्रतिस्पर्धा नहीं।

सपा नेता आजम खान ने मतदान शुरू होते ही कहा, बर्बरता की जा रही है और लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है, पीटा जा रहा है। पुलिस कॉलोनियों में जा रही है और लोगों को वोट देने के लिए बाहर नहीं निकलने के लिए कह रही है। एक कॉलोनी के लोगों ने अपने घरों को बंद कर लिया और डर के मारे पलायन कर गए। हर जगह बोल रहे हैं कि वोट मत डालो।