छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : भारत जोड़ो के बाद अब हाथ जोड़ो यात्रा पर कांग्रेस, प्रदेश के सभी जिलों में होगा अधिवेशन, रायपुर में होगी एक बड़ी रैली

रायपुर : “भारत जोड़ो पदयात्रा’ के परिणामों से उत्साहित कांग्रेस चुनावी साल में फिर यात्रा की राह पर हैं। कांग्रेस ने 26 जनवरी से “हाथ जोड़ो’ यात्रा शुरू करने की घोषणा कर दी है। इसे भी भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर ही निकाला जाएगा। यात्रा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथों को जोड़ेगी। हर जिले में एक अधिवेशन होगा। अंत में एक बड़ी रैली का आयोजन कर इस यात्रा का समापन प्रस्तावित है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा से देश के आम आदमी की समस्याओं को आवाज दे रहे है। देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्या, सामाजिक वैमनस्यता के खिलाफ देश की जनता में जनजागरण पैदा कर रहे। भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से लेकर राजस्थान तक भारत के जनमन में रच बस गयी है। सारा भारत अपनी तकलीफों के निदान को लेकर एकजुट हो गया है। भारत जोड़ो यात्रा देश के लोगों में उम्मीद की नई किरण जगा रही। राहुल गांधी प्रेम उम्मीद और सद्भावना के नये बीज बोते चल रहे हैं।

देश की जनता राहुल गांधी की पदयात्रा को हाथों हाथ ले रही है। राहुल गांधी की पदयात्रा से विघटनकारी ताकतों के हौसले पस्त हुए है। देश के लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है कि अराजक तत्व भारत की अनेकता में एकता के मूल मंत्र के सामने घुटने टेकने को विवश हुए है। यह राहुल गांधी की यात्रा की बड़ी सफलता है। भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य को जनता तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस पार्टी हाथ जोड़ो यात्रा देश भर में निकालेगी। छत्तीसगढ़ में भी हाथ जोड़ो यात्रा हर विधानसभा तक जाएगी। इसके जरिये सामाजिक सौहार्द और देश की एकता अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा।

मोहन मरकाम फिर पहुंचे पदयात्रा में

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने पहुंच गए हैं। मरकाम शनिवार रात को जयपुर पहुंचे। रविवार सुबह वे बूंदी जाकर राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में शामिल हो गए। मरकाम कई-कई दिन तक इस पदयात्रा में राहुल गांधी के साथ चल चुके हैं। पिछले महीने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के तमाम नेता मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने खंडवा के मोरटक्का से इंदौर तक पदयात्रा की। महू में पीपल का पौधा रोपा जिसके लिए छत्तीसगढ़ की मिट्‌टी और सात नदियों का पानी ले जाया गया था।

दिसम्बर की कार्यकारिणी बैठक में तय होगा रूट

बताया जा रहा है, हाथ जोड़ो यात्रा की प्रारंभिक तैयारियां शुरू हो रही हैं। पार्टी ने अभी इस यात्रा का मार्ग तय नहीं किया है। इसके लिए जल्दी ही कवायद शुरू की जाएगी। दिसम्बर महीने की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में इस यात्रा के स्वरूप को अंतिम रूप दिया जाएगा। उस बैठक में नई प्रदेश प्रभारी कुमार शैलजा को शामिल होना है।

94 दिनों में कन्याकुमारी से बूंदी तक पहुंची भारत जोड़ो

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत 7 सितम्बर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी तट से हुई थी। रविवार को इस यात्रा ने 94 दिन पूरे कर लिए। इस बीच तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश को पार कर यात्रा राजस्थान के बूंदी तक पहुंची है। इसे अभी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से गुजरना है। इसे श्रीनगर में एक जनसभा के साथ खत्म होना है। इस बीच यह यात्रा तीन हजार 570 किलोमीटर का सफर पूरा कर देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पदयात्रा बन जाएगी।