छत्तीसगढ़

कोरबाः गृहमंत्री अमित शाह ने कहा- 2024 तक नक्सल मुक्त होगा देश

कोरबा पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह का किया गया स्वागत।

कोरबा। कोरबा दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि, इस बात का प्रयास है कि 2024 के पहले देश नक्सलवाद से मुक्त हो। कांग्रेस के शासन में 2009 में 2258 घटनाएं होती थीं, यह घटकर 509 रह गई हैं। भाजपा सरकार ने बंदूक का जवाब बंदूक से दिया है। हम विकास के लिए काम कर रहे हैं। उन्होने कहा कि, भगवान श्रीराम की ननिहाल आना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। 

इंदिरा स्टेडियम में जनसभा को संबोधित कर रहे गृहमंत्री शाह ने कहा कि, छत्तीसगढ़ की जनता को भाजपा ने शासन करने का मौका दिया है। भाजपा की केंद्र में सरकार बनी अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री बने और उन्होंने छत्तीसगढ़ का गठन किया। मध्य प्रदेश से अलग होने के बाद छत्तीसगढ़ बीमारू राज्य था। रमन सिंह मुख्यमंत्री बने और 15 साल में बीमारू राज्य को इससे उबारा। अब भी इस दिशा में काम कर रहे हैं। 

भूपेश सरकार ने भ्रष्टाचार बढ़ाया
गृहमंत्री अमित शाह ने भूपेश बघेल सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, भूपेश बघेल जी हमारे काम की राज्य में लंबी सूची है। कोरबा वाले आपसे पूछेंगे कि पांच साल में क्या किया। फिर गृहमंत्री ने कहा कि, ऐसा नहीं कि भूपेश बघेल सरकार ने कुछ नहीं किया। भ्रष्टाचार बढ़ाने, दुष्कर्म बढ़ाने, आदिवासियों के जंगल कम करने काम भूपेश बघेल की सरकार ने किया है। भूपेश सरकार और उनकी पार्टी ने जनजातीय समाज के लिए क्या किया, इसका जवाब छत्तीसगढ़ के आदिवासी भाई-बहन मांग रहे हैं।  

विकास के पैसों से कांग्रेस नेताओं का विकास हुआ
अमित शाह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि, विकास का पैसा कहां गया। भूपेश सरकार आने के बाद कांग्रेस नेता का घर देखना सब पता चल जाएगा। जो कांग्रेस नेता बाइक पर चलते थे और टीन-टप्पर से बने घरों में रहते थे। उनके घर तीन मंजिला बन चुके हैं। घरों के बाहर ऑडी खड़ी है। केंद्र का करोड़ों रुपया भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। इसका हिसाब होना चाहिए। इसके लिए वोट देना होगा। लोकसभा में ही नहीं, बल्कि विधानसभा चुनाव में भी कमल के निशान पर बटन दबाना होगा। 

कांग्रेस सरकार झूठ बोलती है, बार-बार बोलती है
गृहमंत्री ने कहा कि, ओबीसी और आदिवासी भाई-बहनों से भरा हुआ प्रदेश है। कांग्रेस पिछड़ा वर्ग की बात करती है, लेकिन उन्हें कुछ नहीं दिया। भाजपा ने पिछड़ा वर्ग को संवैधानिक अधिकार देने का, नीट की परीक्षा में आरक्षण की व्यवस्था की, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय में 27 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था की। मैट्रिक छात्रों के लिए 4400 रुपये का वजीफा देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस की सरकार ने झूठ बोलना, बार-बार बोलना और माइक पर बोलना अपना लिया है।  

कांग्रेस ने गरीब हटाए, नरेंद्र मोदी गरीबी हटा रहे
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साढ़े आठ साल में ढेर सारे काम किए। कांग्रेस ने नारा दिया था, गरीबी हटाओ। गरीबी तो नहीं हटी, गरीब हटना शुरू हो गए। भाजपा ने गरीबों को 10 करोड़ से ज्यादा घर देने का काम किया। गरीब के घर में गैस का चूल्हा पहुंचाया। गरीब को कोरोना का टीका लगाने का काम नरेंद्र मोदी ने किया। हर गरीब को पांच लाख तक फ्री इलाज देने का काम भाजपा सरकार ने किया।