Home » छत्तीसगढ़ » रायपुर: तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, युवती की मौत; तीन साथी घायल

रायपुर: तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, युवती की मौत; तीन साथी घायल

रायपुर। रायपुर के सेरीखेड़ी मोड़ पर रविवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार सड़क पर पलट गई। हादसे में कार सवार 22 साल की युवती की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद तीन अन्य लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। मृतका की पहचान शिवानी सिंह ठाकुर के रूप में हुई है। वह जशपुर के बाजारपारा की रहने वाली थी। हादसा मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हुआ।

पुलिस के मुताबिक शिवानी अपने साथियों के साथ बेलनो कार क्रमांक CG 04 NW 7718 से नया रायपुर की ओर से सेरीखेड़ी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सेरीखेड़ी मोड़ के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पलट गई।

सिर में चोट लगने से मौत

हादसे में शिवानी के सिर के पास गंभीर चोट आई थी। कार में सवार अनंत सोनकर (रामबाग, धमतरी), प्रखर सोनकर (पुरानी बस्ती, रायपुर) और सेजल सोनकर भी घायल हुए हैं।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मंदिर हसौद पुलिस ने घायलों को तत्काल मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवानी सिंह ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस ने कार को कब्जे में लिया

पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लिया है। प्रारंभिक जानकारी में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों और कार की रफ्तार से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram