Home » राष्ट्रीय » कोलकाता भगदड़ में अब तक 19 लोगों की मौत, आयोजकों समेत 7 गिरफ्तार; दो दिन पहले अवॉर्ड मिला था पंडाल को

कोलकाता भगदड़ में अब तक 19 लोगों की मौत, आयोजकों समेत 7 गिरफ्तार; दो दिन पहले अवॉर्ड मिला था पंडाल को

कोलकाता। कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार रात भगदड़ मचने से 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में आयोजकों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ गिरिश पार्क थाने में गैर-इरादतन हत्या के मामले में FIR दर्ज की गई है।

हादसे में जान गंवाने वालों में 13 महिलाएं हैं। इनमें नॉर्थ 24 परगना जिले की 12वीं की छात्रा और हुगली की एक नर्स भी शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है।

हादसे की कई वजह रहीं। बारिश शुरू होने के बाद पंडाल में भीड़ जमा हो गई थी। अंदर अंधेरा था और एंट्री-एग्जिट के रास्ते संकरे थे। भीड़ के दबाव से एग्जिट गेट का एक हिस्सा गिर गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने लोगों को बाहर निकलने के लिए अनाउंसमेंट किया, तभी भगदड़ मच गई।

हादसे से दो दिन पहले इसी पंडाल को पश्चिम बंगाल सरकार के ‘देवी दुर्गा सम्मान 2026’ के तहत ‘बेस्ट ऑफ बेस्ट’ कैटेगरी में चुना गया था। इस कैटेगरी में कोलकाता के सिर्फ तीन पंडाल शामिल थे।

घायलों से मिलने प्राइवेट नर्सिंग होम पहुंचे अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह रविवार सुबह कोलकाता के उस प्राइवेट नर्सिंग होम पहुंचे, जहां दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के दौरान घायल हुए 14 लोगों का इलाज चल रहा है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे। एक सरकारी अधिकारी के मुताबिक, शाह डॉक्टरों से बात कर घायलों के इलाज की जानकारी लेंगे और मरीजों से भी मिल सकते हैं।

अस्पताल जाने से पहले अमित शाह ने कालीघाट मंदिर में दर्शन किए। वे दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं। हालांकि, घटना के बाद शाह ने दुर्गा पूजा पंडालों में जाने के अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए।

जांच के लिए हाईकोर्ट जज की अगुवाई में SIT बनेगी

मुख्यमंत्री ने हादसे की जांच के लिए कलकत्ता हाईकोर्ट के मौजूदा जज की अगुवाई में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की घोषणा की है। इसमें स्पेशल टास्क फोर्स (STF), क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल होंगे।

सरकार हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से जांच की अगुवाई के लिए जज नामित करने का अनुरोध करेगी। सरकार ने कहा है कि हादसे के दौरान की CCTV फुटेज की जांच की जाएगी।

मृतकों के परिजनों को ₹25 लाख और सरकारी नौकरी का ऐलान

बंगाल सरकार ने भगदड़ से हुई 19 लोगों की मौत के बाद पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृतकों के परिजनों को ₹25 लाख और परिवार के एक सदस्य को ग्रुप-D की सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। घायलों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी उठाएगी।

चोरबागान पंडाल के थीम आर्टिस्ट बोले- कल काला दिन था

चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के थीम आर्टिस्ट सुशांत शिबानी पाल ने भगदड़ वाले हादसे को दुर्गा पूजा का ‘काला दिन’ बताया। पाल ने बताया कि वे शुक्रवार रात करीब 3:30 बजे पंडाल में मौजूद थे। उस समय भी वहां भारी भीड़ थी।

उन्होंने बताया कि मूर्ति के सामने लोग तस्वीरें खींचने के लिए रुक रहे थे, जिससे भीड़ जमा हो रही थी। इसे काबू करने के लिए पुलिस के सुझाव पर शनिवार दोपहर कपड़े की परतें लगाई गई थीं, ताकि लोग ऊपर से तस्वीरें लेने के लिए न रुकें। घटना के बाद पूजा अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दी गई है।

सुशांत शिबानी पाल ने ‘ऑर्ब’ यानी ‘बियॉन्ड साउंड’ थीम पर पंडाल तैयार किया था। इसकी कलात्मक सजावट देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे थे।
सुशांत शिबानी पाल ने ‘ऑर्ब’ यानी ‘बियॉन्ड साउंड’ थीम पर पंडाल तैयार किया था। इसकी कलात्मक सजावट देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे थे।
Facebook
X
WhatsApp
Telegram