Home » कोरबा » कोरबा: हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत; गांव के पास पहुंचे हाथियों के झुंड को देखने गया था ग्रामीण

कोरबा: हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत; गांव के पास पहुंचे हाथियों के झुंड को देखने गया था ग्रामीण

कोरबा। कोरबा के वनांचल ग्राम खोड़री में हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। वह गांव के पास पहुंचे हाथियों के झुंड को देखने गया था। इसी दौरान एक हाथी ने सूंड से हमला कर दिया, जिससे वह गड्ढे में जा गिरा। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता राशि दी है।

घटना कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र के ग्राम खोड़री में बीती रात करीब 9 से 10 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि करीब 52 हाथियों का झुंड गांव के पास जंगल में डेरा डाले हुए है। रात में हाथियों के गांव के पास पहुंचने और उनकी चिंघाड़ सुनकर ग्रामीण प्रताप सिंह वाकरे (40) कुछ लोगों के साथ हाथियों को देखने चला गया।

ग्रामीण हाथियों को देख रहे थे। इसी दौरान झुंड में शामिल एक हाथी ने उन्हें दौड़ाना शुरू कर दिया। सभी ग्रामीण भाग निकले, लेकिन प्रताप पीछे रह गया। हाथी ने उस पर सूंड से हमला कर दिया। ठोकर लगने से प्रताप पास के एक गड्ढे में जा गिरा। हमले के बाद हाथी वापस झुंड में शामिल हो गया।

बिलासपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

कुछ देर बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रताप को गड्ढे से बाहर निकाला। होश आने पर उसने हाथी की सूंड की ठोकर से गड्ढे में गिरने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे। घायल प्रताप को पसान के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे बिलासपुर के अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। देर शाम शव को गृहग्राम लाया गया।

वन विभाग ने परिवार को दी तत्काल सहायता राशि

घटना की जानकारी मिलने पर कटघोरा के प्रभारी एसडीओ और प्रशिक्षु आईएफएस मृगजा जलिंधर यादव और वन परिक्षेत्राधिकारी मनीष सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने विभागीय नियमानुसार परिवार को तत्काल सहायता राशि दी।

हाथियों के करीब न जाने की अपील

वन विभाग ने बताया कि पसान वन परिक्षेत्र में 52 हाथियों का झुंड मौजूद है। हाथियों के आबादी क्षेत्र के पास पहुंचने पर ग्रामीण भीड़ लगाकर शोर-शराबा करते हैं और उन्हें भगाने के लिए करीब चले जाते हैं। विभाग ने ग्रामीणों से ऐसा नहीं करने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram