रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम आकर्षण का केंद्र रहेगी। सोमवार को टीम रायपुर पहुंच गई। राज्योत्सव के दौरान नवा रायपुर अटल नगर के सेंध लेक क्षेत्र के ऊपर हेलिकॉप्टर से हवाई करतब दिखाए जाएंगे। तीन दिवसीय राज्योत्सव में होने वाला यह प्रदर्शन दर्शकों को रोमांचित करेगा।
पब्लिक रिलेशन ऑफिसर विंग कमांडर देबर्थो धर ने बताया सारंग टीम स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) ध्रुव से प्रदर्शन करती है। टीम की पहचान हवा में सटीक उड़ान, एक साथ तालमेल के साथ बनाई जाने वाली आकृतियों और हैरतअंगेज करतबों के लिए है। प्रदर्शन के दौरान वायुसेना के जवान अपने कौशल, अनुशासन और टीमवर्क का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही स्वदेशी हेलिकॉप्टरों की क्षमता भी दिखाई जाएगी।
मोर के रंगों से मिलती है टीम की पहचान
सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम के हेलिकॉप्टरों के रंग मोर से प्रेरित हैं। टीम का ध्येय वाक्य ‘इंस्पायर थ्रू एक्सीलेंस’ है, जिसका अर्थ उत्कृष्टता के जरिए प्रेरित करना है। टीम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय वायुसेना का प्रतिनिधित्व करती है।
युवाओं को विमानन के क्षेत्र में आगे बढ़ने की मिलेगी प्रेरणा
राज्योत्सव में सारंग टीम का प्रदर्शन आम लोगों, विद्यार्थियों और युवाओं को हेलिकॉप्टरों की उड़ान और विमानन की दुनिया को करीब से देखने का अवसर देगा। इसके जरिए युवाओं में विमानन के क्षेत्र में करियर बनाने और देश की सेवा करने के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।




