रायपुर। रायपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 2 युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे एक की मौके पर और दूसरे की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना मंदिर हसौद थाना इलाके की है।
गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। मुआवजा देने की मांग की। कांग्रेस ने भी प्रदर्शन में बैठकर उनका समर्थन किया। बताया जा रहा है कि, अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी की ट्रक ने युवकों को रौंदा है।
थाना प्रभारी आशीष यादव के मुताबिक, गोलू यादव और राजू यादव रोज की तरह काम खत्म कर सिब्बल ग्रीन से अपने घर लौट रहे थे। सोमवार देर रात सरीखेड़ी के पास पहुंचे ही थे कि, तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना जबरदस्त था कि, बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। गोलू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राजू यादव ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
चालक फरार, CCTV से तलाश जारी
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।



