Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से नीचे, अंबिकापुर सबसे ठंडा, अगले 5 दिन तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं

छत्तीसगढ़: प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से नीचे, अंबिकापुर सबसे ठंडा, अगले 5 दिन तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश में दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। इससे दिन में तेज गर्मी का असर नहीं है, वहीं रात में ठंड महसूस होने लगी है।

प्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री, बिलासपुर में 0.7 डिग्री, माना में 0.6 डिग्री, दुर्ग में 0.4 डिग्री और अंबिकापुर में 0.3 डिग्री कम रहा।

वहीं जगदलपुर में तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री और राजनांदगांव में 1.8 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।

अंबिकापुर में रात सबसे ठंडी, दुर्ग में दिन सबसे गर्म

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 12.3 डिग्री दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में पारा 14 डिग्री और जगदलपुर में 14.4 डिग्री रहा।

वहीं माना में 15.4 डिग्री, दुर्ग में 15.2 डिग्री और बिलासपुर में 16.2 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

दूसरी ओर दुर्ग में सबसे अधिक 32.6 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। राजनांदगांव में 30.5 डिग्री, जगदलपुर में 29.6 डिग्री, बिलासपुर में 29.1 डिग्री और पेंड्रारोड व अंबिकापुर में 28 डिग्री तापमान रहा।

 

अगले 5 दिन भी नहीं बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश में मौसम ड्राई रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

इसके बाद भी मौसम ड्राई रहने की संभावना है। फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव का संकेत नहीं दिया गया है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram