छत्तीसगढ़

जांजगीर : बुजुर्ग ने पहाड़ पर जाकर लगाई फांसी, घर से घूमने निकला था, फिर लौटा ही नहीं; पेड़ पर लटका मिला शव

जांजगीर-चांपा I जांजगीर-चांपा जिले में एक बुजुर्ग ने पहाड़ पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। उसका शव वहां एक पेड़ पर लटका हुआ मिला है। बताया गया है कि वह सोमवार को ही घर से घूमने निकला था। मगर बाद में वह लौटा ही नहीं। अगले दिन उसकी मौत की खबर सामने आई है। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कटनई निवासी बोटोंग डहरिया(65) सोमवार दोपहर को खाना खाने के बाद घूमने निकला था। बकायदा उसने परिजनों को भी इस बात की जानकारी दी थी। इसके बाद शाम तक उसका कुछ पता नहीं चला। उधर, जब शाम तक वह लौटा नहीं था। तब उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। रात तक परिजन आस-पास ही उसकी खोजबीन करते रहे। मगर कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।

इसके बाद परिजनों ने फैसला किया था कि वे अगले मंगलवार को पुलिस से इस बात की शिकायत करेंगे। आस-पास और पता लगाएंगे। इस बीच मंगलवार सुबह गांव के कुछ लोग पहरी पहाड़ पर लकड़ी काटने गए थे। वहीं उन्होंने बोटोंग का शव देखा था। गांव के लोगों ने ही पुलिस को और उसके परिजनों को इस बात की जानकारी दी थी।

वहीं सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने ही इस बात की जानकारी दी कि वह सोमवार दोपहर से घूमने जाने की बात कहकर निकला है। मगर उसने ऐसा क्यों किया इस बात की जानकारी उन्हें नहीं है। उनका कहना है कि वो कल तक तो बिल्कुल ठीक था। अचानक से उसने ऐसा क्यों किया, हम भी हैरान हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।