छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : 10 दिन से लापता है CRPF का जवान, एक महीने में दूसरी बार गायब हुआ, विवाद कर निकला था घर से

जगदलपुर I छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में CRPF 80वीं बटालियन का एक जवान पिछले करीब 10 दिनों से लापता है। बताया जा रहा है कि, पारिवारिक कारणों के चलते जवान घर छोड़कर कहीं चला गया है। जवान की पत्नी ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इधर, सोशल मीडिया में जवान की फोटो समेत एक मैसेज वायरल कर लोगों से अपील की जा रही है कि, जवान के संबंध में जो भी सूचना मिले उसे परिजनों को दें।

मामला जिले के बोधघाट थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, जवान का नाम निर्मल कटारिया है, जो मध्य प्रदेश का रहने वाला है। वर्तमान में जगदलपुर के शांति नगर में अपनी पत्नी हिना कटारिया और बच्चे के साथ रहता था। पिछले करीब 10 दिनों से घर से लापता है। पत्नी हिना कटारिया ने बोधघाट थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। बोधघाट पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि, जवान की तलाश की जा रही है। फिलहाल इस संबंध में अब तक कोई भी सुराग नहीं मिला है।

1 महीने में दो बार हुआ गुम

बताया जा रहा है कि, जवान पिछले 1 महीने में दो बार घर छोड़कर चला गया। इससे पहले जवान की गुमशुदगी की रिपोर्ट बटालियन के अफसरों ने थाने में दर्ज करवाई थी। हालांकि उस समय मिल गया था। ऐसे पूछताछ में पारिवारिक कारणों से घर छोड़ना बताया था।जिसके बाद अब एक बार फिर से जवान 10 दिन पहले घर छोड़कर चला गया।