छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : सर्चिंग में सुरक्षा बल के जवानों को मिले दो आइईडी, नाकाम हुए नक्सलियों के इरादे

नारायणपुर। जिले के एड़का थाना क्षेत्र के ग्राम गोर्रा मार्ग पर सोमवार को जवान और आम नागरिकों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने आइईडी लगाया था। इसकी जानकारी मिलते ही एसपी सदानंद कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोड को क्लियर करने, गहन जांच व सैनिटाइजेशन करने डीआरजी नारायणपुर, जिला पुलिस बल और बीडीएस टीम को रवाना किया था। इस दौरान गोर्रा मार्ग पर करीब 2.5 किलोग्राम का दो आइईडी को बरामद कर उसे मौके पर बीडीएस की टीम ने निष्क्रिय कर दिया। उक्त मामले में पुलिस अधीक्षक, नारायणपुर के निर्देशानुसार किसकोड़ो एरिया कमेटी के अज्ञात नक्सलियों के विरूद्ध थाना एड़का में अपराध कायम कर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत पंजीबद्ध किया गया है।

नक्सलियों के मंसूबे नाकाम

सुरक्षा बलों के जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सली पगडंडी सड़क पर आइईडी प्लांट करते हैं। सुरक्षा बल के जवान आईईडी के चपेट में आने से नुकसान उठाना पड़ता है। लेकिन अलर्ट रहने वाले हमारे जवान लगातार नक्सलियों के मंसूबे नाकाम करने में सफल हो रहे हैं।

साल 2022 में तीन किग्रा आइईडी हुए थे बरामद

गौरतलब है कि बीते साल 2022 में लगातार जवानों द्वारा सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। जिसके तहत कई बार जवानों को नक्सलियों द्वारा लगाए गए आइईडी बरामद हुए थे। जिसे जवानों ने सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया था। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में संचालित नक्सली विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बल के जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी थी। सुरक्षा बल के जवानों ने नक्‍सलियों द्वारा जवानों को टारगेट कर नुकसान पहुंचाने लगाए आइईडी बरामद कर उसे सुरक्षित निष्क्रिय कर दिया था। जानकारी के अनुसार थाना तोयनार से डीआरजी छत्‍तीसगढ़ सशस्‍त्र बल 19-सी एवं थाने की संयुक्‍त पार्टी सर्चिंग पर निकली थी। सुरक्षा बल के जवान अभियान के तहत तोयनार से मोरमेड़ की ओर निकले थे। सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने दोपहर के वक्त तोयनार-मोरमेड़ मार्ग से थोड़ा आगे पेरमापारा के जंगलों के पास कच्चे मार्ग पर तीन किग्रा आइईडी बरामद किया। नक्सलियों द्वारा आइईडी कमांड सिस्टम से लगाया गया था, जिसे बीडीएस बीजापुर की टीम द्वारा मौके पर ही निष्क्रिय किया गया था।