छत्तीसगढ़

ओम और अल्‍लाह अलग-अलग, बेवजह विवाद पैदा कर रहे…सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने मौलाना मदनी पर किया पलटवार

संभल: उत्‍तर प्रदेश की संभल सीट से सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने जमीयत उलेमा ए हिंद के अध्‍यक्ष मौलाना अरशद मदनी के बयान पर कड़ा पलटवार किया है। बर्क ने सोमवार को कहा कि ओम और अल्‍लाह दोनों अलग अलग हैं। मदनी का बयान ठीक नहीं है। उनके इस बयान से आपसी विवाद पैदा होगा। मुस्लिम अल्‍लाह को मानते हैं और हिंदू ओम को। दरअसल एक दिन पहले दिल्‍ली में हुए जमीयत के अधिवेशन में मदनी ने कहा था कि जिसे हिंदू ओम कहते हैं वही अल्‍लाह है। दुनिया में हर कोई आदम की संतान है जिसे हिंदू मनु कहते हैं।

मदनी ने कहा था कि आदम से आदमी शब्‍द बना और मनु से पैदा होने के नाम पर हिंदुओं ने मनुष्‍य शब्‍द का ईजाद किया। मदनी का कहना था कि हम ईश्‍वर को उसी तरह मानते हैं जैसे मनु मानते थे। वह मानते थे कि ईश्‍वर की कोई सूरत नहीं है। उसका कोई नाम नहीं है। मनु मानते थे कि ईश्‍वर हमेशा से था और हमेशा रहेगा। इसी तरह हम अल्‍लाह को मानते हैं। ओम को कौन नहीं जानता है। ओम और अल्‍लाह एक ही हैं।

गौरतलब है कि मदनी के इस बयान के विरोध में जैन मुनि लोकेश ने मंच छोड़ दिया था। उनका कहना था कि अरशद मदनी का यह बयान देश तोड़ने वाला है। जैन मुनि ने मदनी पर आरोप लगाया कि उन्‍होंने सद्भावना और एकता के सम्‍मेलन में पलीता लगा दिया। अब सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने भी मदनी के बयान की कड़ी आलोचना की है।