छत्तीसगढ़

बिलासपुर: संजू त्रिपाठी हत्याकांड का शूटर ‘दाड़ी’ लखनऊ से गिरफ्तार, अब तक 20 पकड़े गए, चार फरार

बिलासपुर। कांग्रेस के पूर्व नेता और हिस्ट्रीशीटर संजीव त्रिपाठी उर्फ संजू त्रिपाठी हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे एक शूटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पप्पू वाल्मिकी उर्फ दाड़ी को लखनऊ से पकड़ा गया है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हत्या, हत्या के प्रयास सहित 19 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। उससे फरार आरोपियों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस हत्याकांड में अब तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं चार अब भी फरार चल रहे हैं।


बिलासपुर के कुदुदंड निवासी संजीव त्रिपाठी की 14 दिसंबर को सकरी के तुर्काडीह बाईपास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावर दो कार में सवार होकर आए और संजू त्रिपाठी को रोक लिया। उसके कार रोकते ही बदमाशों ने दोनों ओर से घेरकर फायरिंग शुरू कर दी। पांच मिनट में हमलावर वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। इस दौरान संजू पर सात राउंड फायर किए गए। इसमें से चार-पांच गोलियां संजू को लगने की बात सामने आ रही है। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी।


पुलिस ने इस मामले में संजू त्रिपाठी के पिता जयनारायण त्रिपाठी और भाई कपिल त्रिपाठी सहित 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि संजू की हत्या के लिए पिता और भाई ने यूपी के पांच शूटरों को 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी। साजिश में कपिल की पत्नी सुचित्रा त्रिपाठी, उसकी मुंहबोली बहन, जीजा और भांजा भी शामिल थे। इस हत्याकांड की साजिश पारिवारिक कारणों और संपत्ति विवाद के चलते रची गई थी। फिलहाल इस मामले में पकड़ा गया आरोपी प्रसिन गुप्ता भी सुपारी किलर है।


जय नारायण त्रिपाठी के दो बेटों संजू त्रिपाठी और कपिल त्रिपाठी पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण, ब्याज पर पैसे देने, मारपीट जैसे वारदात दर्ज है। दोनों भाई मिलकर रंगदारी भी वसूलते थे, लेकिन खुद की कमाई हुई रकम और पैतृक संपत्ति के मामले में दोनों भाइयों में विवाद हो गया था। इस विवाद में पिता जय नारायण त्रिपाठी ने कपिल त्रिपाठी का साथ दिया और बाप-बेटे ने मिलकर पूरे हत्याकांड की साजिश रची। एक ही लड़की से बाप-बेटे के अवैध संबंध भी इसका बड़ा कारण बना।