छत्तीसगढ़

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक साथ आई दो बुरी खबर, MS धोनी की बढ़ी टेंशन, दो सबसे महंगे खिलाड़ी हुए चोटिल, मिस करेंगे आने वाले बड़े मुकाबले

नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस को उसके घर में धूल चटाने वाली चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एकसाथ दो बुरी खबर सामने आई है। सीएसके के दो सबसे महंगे खिलाड़ी बुरी तरह से चोटिल हो गए हैं और वह आने वाले बड़े मैचों को मिस कर सकते हैं।

आईपीएल 2023 में मुंबई के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दीपक चाहर हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझते हुए नजर आए थे। दीपक ने मैच में सिर्फ एक ही ओवर फेंका था और उसके बाद सीएसके के गेंदबाज को मैदान से बाहर जाना पड़ा था। खबर के अनुसार दीपक अब एकबार फिर अपनी इंजरी के चलते आने वाले कुछ मैच मिस करने वाले हैं।

दीपक चाहर को चेन्नई सुपर किंग्स ने ऑक्शन में 14 करोड़ की बोली लगाते हुए अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, वह बैक इंजरी के चलते आईपीएल 2022 में एक भी मैच नहीं खेल सके थे। इसके साथ ही रिहैब के दौरान वह फिर से चोटिल हो गए थे और उन्हें लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ा था।

एक हफ्ते तक एक्शन में नहीं दिखेंगे स्टोक्स

दीपक चाहर के साथ-साथ बेन स्टोक्स ने भी सीएसके के खेमे को बड़ा झटका दिया है। स्टोक्स एंकल इंजरी के चलते आईपीएल 2023 में अगले एक हफ्ते तक खेलते दिखाई नहीं देंगे। स्टोक्स मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मैच में भी चोटिल होने के चलते बाहर बैठे थे।

इंग्लिश खिलाड़ी के लिए CSK ने बहाया है जमकर पैसा

माना जा रहा है कि स्टोक्स राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 12 अप्रैल को होना वाला मुकाबला मिस करेंगे और उनके फिट होकर बैंगलोर के खिलाफ मैदान पर उतरने की उम्मीद की जा रही है। इंग्लिश टेस्ट कप्तान के लिए चेन्नई सुपर किंग्स ने नीलामी में जमकर पैसा बहाया था और उनको 16.25 करोड़ की मोटी रकम खर्च करते हुए टीम से जोड़ा है।