छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : नक्सलियों ने DRG जवान पर किया हमला, धारदार हथियार से किया वार, मेकाज में इलाज जारी, राजनांदगांव में पदस्थ है कांस्टेबल

बीजापुर। बीजापुर जिले में माओवादियों ने शनिवार की देर रात एक DRG जवान पर जानलेवा हमला किया है। माओवादियों के इस हमले से जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि, किसी धारदार हथियार से जवान के सिर पर वार किया गया है। फिलहाल घायल जवान का डिमरापाल के मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। जिसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मामला जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, घायल जवान का नाम आशाराम कड़ती है, जो राजनांदगांव जिले के DRG में कांस्टेबल के पद पर पदस्थ है। आशाराम छुट्टी में अपने घर मिरतुर आया था। सूत्रों के मुताबिक, माओवादियों को इसके घर आने की सूचना मिली थी। जिसके बाद शनिवार की रात माओवादियों की स्मॉल एक्शन टीम जवान के घर पहुंच गई। फिर जवान को घर से उठाकर बाहर लाता गया।

जिसके बाद धारदार हथियार से सिर समेत शरीर के विभिन्न अंगों पर वार किया। माओवादियों की इस करतूत से जवान बेसुध होकर जमीन पर गिर गया। नक्सलियों को लगा कि DRG जवान की मौत हो चुकी है। वारदात को अंजाम देकर वे मौके से भाग निकले। फिर परिजनों और गांव वालों ने घायल को फौरन सबसे पहले नेलसनार अस्पताल लेकर आए।

जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे जगदलपुर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां जवान का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की मानें तो जवान की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई। फिलहाल इस वारदात के संबंध में कोई आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई।