छत्तीसगढ़

Honey Singh: जो बीमारी मुझे हुई, वो मेरे दुश्मन को भी न हो…हर दिन मौत की दुआ करता था बोले- हनी सिंह

नईदिल्ली I मशहूर रैपर और गायक हनी सिंह ने लंबे ब्रेक के बाद दमदार वापसी की है। उनका नया एल्बम हनी 3.0 रिलीज हो गया। बता दें कि वर्ष 2016 में अचानक ब्रेक लेकर हनी सिंह ने अपने चाहने वालों को हैरान कर दिया था। एक्टर ने सेहत संबंधी वजहों से ब्रेक लिया था। हाल ही में उन्होंने अपनी बीमारियों पर खुलकर बातचीत की है। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी हालत इतनी खराब थी कि वह हर दिन अपनी मरने की दुआ करते थे।

बातचीत के दौरान हनी ने जिक्र किया की इस बीमारी की वजह से उनकी नींद चली गई और वो शराबी बन गए। हाल ही में एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू के दौरान हनी सिंह ने कहा कि उन्हें एंजाइटी और डिप्रेशन जैसी चीजें कभी नहीं हुई थीं, जिस कारण बीमारी का पता चलने में ही दो साल का समय लगा और फिर इलाज के लिए सही डॉक्टर मिलने में तीन साल लग गए। हनी सिंह ने यह भी कहा कि म्यूजिक से इतना लंबा ब्रेक लेने की वजह उनकी यही बीमारी थी।

हनी सिंह ने मेंटल हेल्थ के बारे में बात करते हुए कहा, ‘मेंटल हेल्थ एक ऐसी बीमारी है, जिसके बहुत सारे वेरिएशन हैं। इसके बहुत सारे रंग हैं, एंग्जायटी और डिप्रेशन कुछ भी नहीं हैं। वो एक सर्दी जुखाम है। मुझे मेंटल हेल्थ का कोविड 19 हुआ था। इसे साइकोटिक सिमटम ऑफ बाइपोलर डिसऑर्डर बोलते हैं। बहुत खतरनाक चीज है। किसी को भी न हो, मेरे दुश्मन को भी नहीं। मैं दिन-रात मौत की दुआ करता था।’

पर्सनल लाइफ की बात करें तो हनी सिंह ने बीते वर्ष ही मॉडल और एक्ट्रेस टीना थडानी को दिल्ली के इवेंट में अपनी गर्लफ्रेंड के रूप में मिलवाया था। वहीं 2022 में टीना ने हनी सिंह के पेरिस ट्रिप म्यूजिक वीडियो में काम किया था। मीडिया बातचीत के दौरान हनी सिंह ने बताया कि वो टीना से मार्च में मिले थे। साथ ही हनी सिंह ने यह भी खुलासा किया कि टीना को अपनी लाइफ में लाने के लिए उन्हें महीनों तक टीना का पीछा करना पड़ा था। जब उन्होंने टीना को देखा तो उन्हें लगा कि टीना उनके लिए ही बनी हैं। बता दें कि हनी सिंह की पहली शादी 2011 में शालिनी तलवार से हुई थी। मगर 2021 में दोनों का तलाक हो गया।