छत्तीसगढ़

Nikki Murder: निक्की हत्याकांड के आरोपित साहिल का पिता गिरफ्तार, दो चचेरे भाई और दोस्तों की भूमिका भी संदिग्ध

नई दिल्ली। निक्की यादव हत्याकांड मामले में क्राइम ब्रांच की जांच जैसे जैसे आगे बढ़ रही है पुलिस को कई चौकाने वाली जानकारी मिल रही है। क्राइम ब्रांच ने साहिल के पिता वीरेंद्र गहलोत से भी लंबी पूछताछ के बाद शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि साहिल के पिता को निक्की की हत्या की पूरी जानकारी थी। उसे यह भी पता था कि साहिल ने निक्की की हत्या कर ढाबे में फ्रिज में शव काे छिपा रखा है। बावजूद इसके उसने बेटे की दूसरी लड़की से शादी करा दी।

भाईयों से भी की पूछताछ

क्राइम ब्रांच ने साहिल के दो चचेरे भाई और दो दोस्तों को भी हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है। इन चारों की संलिप्तता का पता चलने पर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सकता है। विशेष पुलिस आयुक्त, क्राइम ब्रांच, रवींद्र सिंह यादव ने इसकी पुष्टि की है। जांच में पता चला है कि साहिल ने निक्की से 2020 में ही शादी कर ली थी।

इसकी जानकारी साहिल के पूरे परिवार को थी। इसके बावजूद परिवार ने साहिल की दूसरी शादी तय कर दी। इस बात को साहिल ने निक्की से छिपाया था। बाद में निक्की को इसकी जानकारी हुई तो उसने विरोध किया था। साहिल ने निक्की को कहा कि वह उसके साथ घर से भाग कर कही और रहने लगेंगे। सगाई के बाद 10 फरवरी की सुबह साहिल कार लेकर निक्की के घर पहुंचा था।

योजना के तहत की हत्या

पूलिस सूत्रों का कहना है कि यह हत्याकांड योजना के तहत अंजाम दिया गया है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि साहिल ने अपने दो चचेरे भाई और दो दोस्तों को पहले से ही अपने ढाबे में बिठा दिया था। निक्की को पहले साहिल अपनी कार से इधर-उधर घुमाया। इसके बाद अपने ढाबे पर पहुंचा।

अभी तक की जांच से ऐसा लग रहा है कि निक्की की हत्या ढाबे में ही की गई है। जांच से इसकी पुष्टि होगी। पुलिस को अब तक यह पता नहीं लग पाया है कि साहिल ने नौ फरवरी की देर रात निक्की की हत्या कहां और कैसे की। वह पूछताछ में लगातार क्राइम ब्रांच को गुमराह कर रहा है।